डेहरी ऑन सोन : उच्च विद्यालय डेहरी में सरकारी रुपये के दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कुछ सामाजिक कार्यर्ताओं व तारबंगला के निवासियों ने अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन दिया है.
ज्ञापन में बताया है कि तारबंगला मुहल्ला के निवासियों द्वारा उक्त विद्यालय से संबंधित जानकारी सूचना के अधिकार के तहत कई बार डीइओ से मांगा गया, लेकिन कभी भी संतोषप्रद सूचना प्रदान नहीं किया गया. विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा पोशाक के रुपये एक तरफ वापस किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा है कि किस कारण से उसे वापस किया गया.
यही नहीं नामांकन के समय छात्रों से क्रीड़ा मनोरंजन बिजली निर्धन छात्र कोश आदि मद में रुपये वसूला जाती है, लेकिन उसे खर्च कहां किया जाता है. इस बात की जानकारी नहीं दी जाती. विद्यालय का भवन जर्जर है. कभी भी कोई हादसा हो सकता है. शौचालय अर्द्ध निर्मित है. इससे महिला शिक्षिकाओं को काफी परेशानी होती है.
लेकिन, विद्यालय प्रबंधन इन बातों की तरफ कभी कोई ध्यान नहीं देता. ज्ञापन के माध्यम से उपरोक्त आरोपों की जांच कराते हुए उचित कदम उठाने की मांग की गयी है. ज्ञापन की प्रति मुख्यमंत्री शिक्षा मंत्री डीएम व डीइओ को भी भेजी गयी है. शिकायतकर्ताओं में रोशन सिंह, विक्की कुमार, उमा पासवान, दीपक कुमार, जितेंद्र सिंह, पिंटू सिंह आदि प्रमुख हैं.
