सासाराम (सदर) : भारतीय जनता युवा मोरचा (भाजयुमो) की रोहतास इकाई व मंडल अध्यक्षों की एक बैठक जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को शिवघाट में आयोजित की गयी.
इस अवसर पर मौजूद भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य सुशील कुमार ने कहा कि बदले हुई राजनीति में युवा मोरचा नयी चुनौतियों के लिए तैयार है. प्रदेश में दिन पर दिन अपराध बढ़ रहे हैं. नीतीश कुमार प्रदेश की जनता को अपराध मुक्त शासन देने में विफल साबित हुए हैं.
वहीं श्री कुमार ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को 18 से 25 वर्ष के युवाओं को जोड़ने की बात कही. प्रदेश मीडिया प्रभारी दुर्गेश कुमार सिंह व क्षेत्रीय प्रभारी विजय सिंह ने कहा कि भाजयुमों द्वारा आगामी पांच व छह मार्च को उतर प्रदेश के वृंदावन मथुरा में राष्ट्रीय अधिवेशन होगा. इसमें भाजयुमों के जिला पदाधिकारी व सभी प्रखंडो से एक-एक प्रतिनिधि भाग लेंगे. अधिवेशन में देश भर से 25 हजार प्रतिनिधि भाग लेंगे. इसका पंजीयन शुरू कर दिया गया है. बैठक का संचालन जिला महामंत्री अरुण पांडेय ने किया.
