पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटा जिला प्रशासन
जनवरी में हो सकती है आरक्षित सीटों की घोषणा
सासाराम (ग्रामीण) : पंचायत आम चुनाव-2016 की तैयारी जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है. संभावना है कि सीटों के आरक्षण की घोषणा जनवरी में कर दी जायेगी. इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग से जिला प्रशासन को एक पत्र भी मिला है.
इसके कारण पूर्व के आरक्षित पदों में फेरबदल की संभावनाएं भी प्रबल दिख रही है. जिले में 10 चरणों में चुनाव संपन्न होगा. कार्यक्रम के अनुसार, 20 अप्रैल, 2015 को प्रपत्र वन में जनसंख्या के प्रारूप का प्रकाशन भी किया जा चुका है. प्रकाशन पर आपत्ति का भी निष्पादन किया जा चुका है. यह तय है कि वर्ष 2011 की जनगणना पर ही 2016 में पंचायत चुनाव होगा.15 कोषांग करेंगे चुनाव की देखरेख : पंचायत चुनाव को लेकर 14 कोषांग का गठन किया गया है.
इनमें जिला पंचायत निर्वाचन कोषांग, कार्मिंक कोषांग, मतगणना कोषांग, पहचान पत्र कोषांग के वरीय पदाधिकारी डीडीसी हाशिम खां, वाहन कोषांग का प्रभार अपर समाहर्ता ओम प्रकाश पाल, जिसका नोडल पदाधिकारी डीटीओ जय कुमार द्विवेदी, विधि व्यवस्था कोषांग सह आदर्श अचार सहिता के वरीय पदाधिकारी डीडीसी हाशिम खां, जबकि डीपीआरओ सुजय कुमार को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है.
मत पत्र सह बज्रगृह, मीडिया कोषांग सह जिला आदेश मुद्रण कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रोटोकॉल कोषांग, सामग्री कोषांग सह मतपेटी कोषांग, निर्वाचन व्यय लेखा कोषांग, नक्शा रुट चार्ट कोषांग, कार्मिक कल्याण कोषांग, वीडियोग्राफी व कैमरा कोषांग, जिला नियंत्रण सह हेल्प लाईन
कोषांग का गठन किया गया है.
आरक्षण के प्रावधान
अधिनियम-2006 की विभिन्न धाराओं के तहत ग्राम पंचायत सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, समिति के प्रमुख, जिला पर्षद अध्यक्ष व सदस्य, ग्राम कचहरी के पंच व सरपंच के पदों पर अनुसूचित जाति /जन जाति, पिछड़ा व कोटी के महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान किया है.
आरक्षण को तीन भागों में बांटा गया है. इसमें अनुसूचित जाति /जनजाति व पिछड़ा वर्ग हैं. नियमानुसार, पंचायत समिति में ग्राम पंचायत के मुखिया, सरपंच व पंचायत समिति सदस्य के कुल पदों की संख्या का 20 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किये जायेंगे. किंतु, अनुसूचित जाति, अनुसूचितजन जाति व पिछड़ा वर्गों के लिए आरक्षित स्थानों की कुल संख्या 50 प्रतिशत की सीमा के अंदर होगी.
वहीं, कुल पदों में से प्रत्येक कोटि के अनारक्षित स्थानों का 50 प्रतिशत अनारक्षित कोटि की महिलाओं व अन्य लोगों के लिए आरक्षित किये जायेंगे. जबकि, पंचायत समिति के प्रमुख व जीप सदस्य के कुल पदों की संख्या का 20 प्रतिशत पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षित किये जायेंगे.
किंतु, इनकी संख्या अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़े वर्ग के आरक्षित स्थानों की कुल संख्या 50 प्रतिशत की अधिसीमा के अंदर होगी. यदि निर्वाचन क्षेत्र में किसी कोटि विशेष में महिला के लिए आरक्षित था, तो निर्वाचन में उस कोटि से भिन्न कोटि में महिला के लिए आरक्षित किया जायेगा. परंतु, यह भी है कि अनारक्षित कोटि में कोई निर्वाचन क्षेत्र महिला के लिए आरक्षित था, तो अनारक्षित कोटि में महिला के लिए आरक्षित नहीं हो सकेगा.
कहां किस चरण में होगा चुनाव : प्रथम चरण में सासाराम, तिलौथू , द्वितीय चरण में शिवसागर व चेनारी, तृतीय चरण में करगहर व राजपुर, चतुर्थ चरण में दिनारा व सूर्यपुरा, पांचवें चरण में काराकाट व दावथ, छठे चरण में नोखा व नासरीगंज, सातवें चरण में कोचस व डेहरी, आठवें चरण में बिक्रमगंज व अकोढ़ीगोला, नौवें चरण में रोहतास और 10वें चरण में नौहट्टा में चुनाव संपन्न होंगे.
आयोग की हरी झंडी मिलते ही होगी घोषणा
चुनाव की तैयारी लगभग पूरी की जा चुकी है. आयोग की हरी झंडी मिलते ही चुनाव की घोषणा की जायेगी. जिला प्रशासन द्वारा अन्य तैयारियां भी तेजी से की जा रही है. आरक्षण पर विचार चल रहा है. शीघ्र ही इसकी घोषणा कर दी जायेगी.
सुजय कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह डीपीआरओ, रोहतास
