..और पीछे से लगती रहीं दुकानें

पुलिस व वाहन मालिकों में हुई नोक-झोंक सासाराम (ग्रामीण) : शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए पूर्व में बनायी गयी कार्य योजना के तहत प्रशासन ने सोमवार को फिर अतिक्रमण हटवाया. अतिक्रमण कचहरी मोड़ से लेकर पोस्टऑफिस चौराहे तक हटाये गये. इस दौरान प्रशासन की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने सड़क पर खड़े कई […]

पुलिस व वाहन मालिकों में हुई नोक-झोंक
सासाराम (ग्रामीण) : शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए पूर्व में बनायी गयी कार्य योजना के तहत प्रशासन ने सोमवार को फिर अतिक्रमण हटवाया. अतिक्रमण कचहरी मोड़ से लेकर पोस्टऑफिस चौराहे तक हटाये गये. इस दौरान प्रशासन की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने सड़क पर खड़े कई वाहनों की हवा निकाल दी. इसके कारण पुलिसकर्मियों व वाहन मालिकों में तीखी नोक-झोंक भी हुई. पुलिस के तेवर को देखते हुए ठेले पर दुकान लगाने वाले ठेला लेकर भागने लगे. हालांकि, पुलिस के आगे निकलने के बाद पीछे की तरफ पुन: दुकानें लग गयीं. अतिक्रमण हटाने के दौरान कई दुकानों के मालिकों को प्रशासन ने चेतावनी भी दी.
तू डाल-डाल, तो मैं पात-पात: प्रशासनिक अधिकारी शहर से अतिक्रमण हटाने के लिए भले ही अभियान चलाया है, लेकिन पुलिसकर्मी व अधिकारी जैसे ही आगे बढ़ते गये, वैसे ही पीछे से दुकानें लगती गयी. यहीं नहीं, कई ठेलेनुमा दुकान सड़क पर फिर से लगा दी गयीं. इससे तू डाल-डाल, तो मैं पात-पात वाली कहावत चरितार्थ होती दिखी. वहीं, डिवाइडर पर लगी दुकानों को प्रशासन द्वारा नहीं हटाने की वजह से वाहन मालिकों व पुलिसकर्मी के बीच बहस भी हुई.
प्रशासन ने दिया अल्टीमेटम
नगर पर्षद के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सड़कों पर अवैध तरीके से दुकान लगानेवालों को शीघ्र अपनी दुकानें हटा लेने का अल्टीमेटम दिया. अधिकारियों ने कहा कि जो दुकानदार स्वत: दुकान नहीं हटायेंगे, उनकी दुकान जबरन हटा दी जायेगी. गौरतलब है कि पूर्व में भी प्रशासन ने ध्वनी विस्तारित यंत्रों से व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया था, जो अब तक बेअसर है.
कुछ देर के लिए जाम से मिली मुक्ति
प्रशासन द्वारा अतिक्रमण भले ही हटाया गया, लेकिन इससे शहरवासियों को स्थायी समाधान नहीं मिल पाया. बल्कि, कुछ क्षणों के लिए जाम से मुक्ति मिली. शहर के करीब सभी स्थानों पर पूर्व से लगा अतिक्रमण अब भी है. अतिक्रमण व जाम से संबंधित खबरें जब अखबार में आती हैं, तो प्रशासन कुछ क्षण के लिए सक्रियता दिखाती है. लेकिन, उसका स्थायी समाधान नहीं कर पाते हैं.
बाइक सहित अन्य वाहनों के चालक परेशान
अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस व अधिकारियों का कहर वाहन मालिकों पर टूटा. कई लोगों के वाहन की हवा निकाल दिये जाने से वाहन मालिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सड़क पर लगे वाहनों को हटवाने के लिए पुलिसकर्मी पहले मालिकों से कहा, लेकिन जो वाहन मालिक वहां उपलब्ध नहीं थे, उनकी गाड़ियों की हवा निकाल दी गयी. इससे वाहन मालिक काफी आक्रोशित दिखे. कुराईच के सुरेश राय ने कहा कि मेरी बाइक सड़क किनारे खड़ी थी.
बावजूद पुलिसकर्मियों ने उसकी हवा निकाल दी. वहीं, आगे-आगे अतिक्रमण हट रहा है, तो पीछे से दुकानें लग रहे लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है. अतिक्रमण हटाने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >