सासाराम (ग्रामीण) : रोहतास जिले के सात मजदूरों को श्रम अधीक्षक, डालमियानगर के नेतृत्व में कर्नाटक के बेलारी से सकुशल मुक्त करा लिया गया है. इन मजदूरों को बेलारी की एक कंपनी में बंधक बनाया गया था. इसकी भनक श्रम अधीक्षक पूनम कुमारी को लगी. उन्होंने इन मजदरों को मुक्त कराकर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उनके परिजनों को सौंप दिया गया.
गौरतलब है कि कर्नाटक में बंधक बने मजदूर दावथ के जमसोना निवासी दुखन मांझी (18 वर्ष), उसी गांव के अकलु मांझी के 30 वर्षीय बेटे हृदय मांझी, गर्जन मांझी के 25 वर्षीय बेटे सोमारू मांझी, दिनारा प्रखंड के दहेगना निवासी ललन मांझी का 20 वर्षीय पुत्र अमिताभ बच्चन व बंगाली मांझी के पुत्र राज किशोर मांझी, खुंटारी मांझी के पुत्र मंटु मांझी व रौशन मांझी के पुत्र राधेश्याम मांझी को मुक्त कराया गया है.
इस बाबत श्रम अधीक्षक पुनम कुमारी ने बताया कि एक कंपनी में इन मजदूरों को बंधक बनाया गया था. सूचना के आधार पर इन मजदूरों को मुक्त कराया गया है. मुक्त सभी सातों मजदूर सुरक्षित हैं. बंधक बनाने वाली कंपनी के खिलाफ कार्रवाई भी जारी है. उन्होंने किसने बंधक बनाया गया था व कहां काम कराये जा रहे थे, इस बात का खुलासा नहीं किया है.
