सासाराम (सदर) : अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) की रोहतास इकाई ने बुधवार को समाहरणालय के सामने धरना दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि रेलवे के इंजीनियर अमर कुमार की मौत की सीबीआइ से जांच करायी जाये.
साथ ही सड़क जाम के मामले में पुलिस द्वारा गलत आरोप लगा कर लोगों पर किया गया मुकदमा वापस लिया जाये. इस मामले में 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया है. जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद चंद्रवंशी ने कहा कि किसानों का धान क्रय केंद्र जगह-जगह खोला जाये व खरीदारी अविलंब हो. उन्होंने कहा कि जिले में गिरती हुई विधि व्यवस्था को अविलंब ठीक किया जाये.
सदर अस्पताल सहित प्रखंड मुख्यालय के सभी अस्पताल में डॉक्टर दवा व नर्स सहित अन्य उपकरण की व्यवस्था की जाये. इसके अलावा सभी छात्रों को छात्रवृत्ति, गरीबों को इंदिरा आवास, वृद्धा पेंशन व जिले के सभी प्रखंडों में बने शौचालय का भुगतान अविलंब कराया जाये. धरने को जितेंद्र दूबे, हाजी मुमताज, सुमन कुमार मेहता, राजेश सिंह, ज्ञानेंद्र ज्ञानु व हरिमोहन सिंह आदि ने संबोधित किया.
