प्रदर्शन. जनवादी ऑटो चालक मजदूर संघ ने बुलंद की आवाज
दो घंटे बाद पहुंचे अधिकारियों ने समझाया तो हटा जाम
ठेकेदार की जबरन वसूली का कर रहे थे विरोध
सासाराम नगर : जनवादी ऑटो चालक मजदूर संघ अपनी मांगों के समर्थन में शुक्रवार की सुबह सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में सैकड़ों ऑटो चालक शामिल थे. ऑटो चालकों के समर्थन में सीपीआइ (एमएल) न्यू डेमोक्रेसी के कार्यकर्ता भी शामिल हुए. सुबह 10 बजे ऑटो चालक पोस्ट ऑफिस चौक पर पहुंचे और वाहनों को सड़क पर खड़ा कर जाम कर दिया. देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गयी. कार्यालय व कोर्ट का समय होने के कारण कुछ ही समय में जाम शहर के बौलिया मोड़ से संत पॉल्स स्कूल तक पहुंच गया.
लगभग दो घंटे तक सड़क जाम रहने से शहर अस्त-व्यस्त हो गया. दो घंटे बाद पोस्ट ऑफिस चौक पर सदर एसडीओ व डीएसपी पहुंचे. ऑटो चालक संघ के नेताओं काे शांत करा कर जाम हटाया और नेताओं को अधिकारी बातचीत के लिए अपने साथ ले गये. जाम खुलने पर लोग राहत की सांस लिये.
ऑटो स्टैंड व जबरन वसूली का विरोध
जनवादी ऑटो चालक मजदूर संघ ऑटो स्टैंड व नगर पर्षद के ठेकेदार द्वारा जबरन वसूली के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे. संघ के महासचिव दिनेश सिंह ने बताया की ऑटो चालकों के लिए एक भी मुकम्मल स्टैंड नहीं है. पोस्ट ऑफिस चौक व धर्मशाला चौक पर जो स्टैंड बनाया गया है वहां फुटपाथी दुकानदारों का कब्जा है. नगर पर्षद का ठेकेदार व उसके लोग जबरन मनमानी वसूली कर रहे हैं. नगर पर्षद द्वारा तीन गुना दैनिक टैक्स वसूला जा रहा है. पुलिस बेवजह ऑटो चालकों पर डंडा बरसाती है. प्रदेश के दूसरे जिलों में ऑटो चालकों से पांच रुपये दैनिक टैक्स लिया जाता है, जबकि यहां 15 रुपये दैनिक टैक्स लिया जाता है. जब हम लोग नगर पर्षद को टैक्स देते है, तो हमें सुविधा भी चाहिए. ठेकेदार दबंग है जबरन मनमानी वसूली करते हैं विरोध करने पर मारपीट व गाली-ग्लौज करते हैं. आखिर हमलोग कितने दिनों तक प्रताड़ित होते रहेंगे.
मिला दूसरे संगठनों का समर्थन
जनवादी ऑटो चालक मजदूर संघ के प्रदर्शन में सीपीआई (एमएल) न्यू डेमोक्रेसी के शामिल होने से इनका प्रदर्शन विशाल व व्यापक हो गया. पार्टी के वरिष्ठ नेता शंकर सिंह व जिला प्रवक्ता अयोध्या राम के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हो गये. जिससे ऑटो चालकों को बल मिला और दो घंटे तक पुराने जीटी रोड को जाम कर प्रदर्शन करते रहे. अभी शहरवासी गुरुवार की जाम से उबरे भी नहीं थे कि शुक्रवार की सुबह फिर से पुराने जीटी रोड पर जाम को देख परेशान हो उठे. गुरुवार को राजद का बिहार बंद के दौरान करीब पांच घंटे तक पोस्टऑफिस चौक को जाम किया गया था. जिससे पूरे दिन पुराने जीटी रोड पर जाम लगा रहा. सड़क जाम होने से विद्यालय व व्यापार सबसे ज्यादा प्रभावित होता है.
रोज जाम से हो रही परेशानी
शहर में इस सप्ताह में तीन दिन विभिन्न राजनीतिक पार्टी व संगठन द्वारा पोस्टऑफिस चौक पर प्रदर्शन किया गया. जिससे पुरानी जीटी रोड पर घंटों जाम लगा रहा. इससे लोगों को काफी परेशानी होती है. बच्चों का पढ़ाई बर्बाद होता है. आखिर यह सब कब तक चलेगा. जिला प्रशासन इस पर गंभीरता दिखाये और घटना प्रदर्शन के लिए शहर में प्रदर्शन करने पर तत्काल रोक लगाये.
राममूर्ति सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता
