PURNIA : एक पिस्टल, छह कारतूस के साथ दो अपराधी गिरफ्तार
पूर्णिया पुलिस की ओर से अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत केनगर थानाक्षेत्र में बाइक सवार दो अपराधी को एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और दो मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया है.
पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट :
पूर्णिया पुलिस की ओर से अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत केनगर थानाक्षेत्र में बाइक सवार दो अपराधी को एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और दो मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के अनुसार, केनगर थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में नियमित गश्ती पर थी. इसी दौरान पुलिस को एक बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखे. पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया. लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया. पकड़े गए अभियुक्तों की जब सघन तलाशी ली गयी तो उनके पास से एक पिस्तौल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. जबकि दो मोबाइल सहित एक बाइक भी जब्त किया गया. पुलिस ने तत्काल प्रभाव से हथियार और बाइक को जब्त करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार अभियुक्त में केनगर थाना क्षेत्र के रिकाबगंज के निवासी गौरव कुमार और मधुबनी थाना क्षेत्र के कौशिक नगर डीएवी चौक के निवासी ज्योति प्रकाश शामिल हैं. पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है.