पूर्णिया. नगर निगम सभागार में बुधवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित कर नगर निगम की सफाई कर्मी पार्वती मेहतरानी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी. महापौर, उप नगर आयुक्त, वार्ड पार्षद सहित नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन धारण कर सफाई कर्मी पार्वती मेहतरानी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया. महापौर सहित सभी ने स्व. पार्वती मेहतरानी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. श्रद्धांजलि सभा के पश्चात कार्यालय को बंद रखा गया. महापौर विभा कुमारी ने बताया कि सफाईकर्मी पार्वती मेहतरानी पिछले कुछ दिनों से बीमार थी. मंगलवार की संध्या उनका आकस्मिक निधन हो गया. वे कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित तथा काफी मिलनसार थी. उनका कार्यकाल काफी साफ-सुथरा रहा. वे अपने पीछे भरापूरा परिवार छोड़कर गई हैं. इस दुख की घड़ी में पूरा नगर निगम परिवार उनके परिजनों के साथ है. उनके निधन से नगर निगम के अधिकारी, कर्मी एवं पार्षदगण काफी मर्माहत हैं. शोक सभा में मुख्य रूप से उप नगर आयुक्त पंकज कुमार, वार्ड पार्षद आतिश सनातनी, प्रधान सहायक उमेश यादव, मुख्य सफाई निरीक्षक कैलाश सिंह, भूपेंद्र यादव सहित नगर निगम के सभी अधिकारी व कर्मी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
