असम में ब्रह्मपुत्र नदी में डूबे पूर्णिया के तीन युवक, एक की मौत, एक लापता, एक सुरक्षित

असम के धुबरी जिले में ब्रह्मपुत्र नदी में पुल निर्माण कार्य के दौरान पूर्णिया के तीन युवक नदी में डूब गए. एक की दुखद मौत हो गई, जबकि एक लापता है और एक को बचा लिया गया.

जलालगढ़ (पूर्णिया). असम के धुबरी जिले में ब्रह्मपुत्र नदी में डूबने से पूर्णिया जिले के जलालगढ़ प्रखंड के एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक लापता है. तीसरे युवक को सुरक्षित बचा लिया गया. तीनों युवक एलएनटी कंस्ट्रक्शन कंपनी के तहत पुल निर्माण कार्य में लगे हुए थे. घटना के बाद बैसा सीमा गांव में शोक का माहौल है.

पुल निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार जलालगढ़ प्रखंड के चक पंचायत अंतर्गत बैसा सीमा गांव के वार्ड संख्या-11 निवासी राहुल कुमार, वार्ड संख्या-10 निवासी आकाश कुमार ततमा तथा मंजीत कुमार ततमा असम के धुबरी जिले में ब्रह्मपुत्र नदी पर बन रहे पुल निर्माण कार्य में लगे हुए थे. इसी दौरान नदी में डूबने से बड़ा हादसा हो गया.

एक की मौत, एक लापता, एक की बची जान

मृतक राहुल कुमार के बड़े भाई अजय कुमार ने बताया कि रविवार को सूचना मिली कि तीनों युवक नदी में डूब गए हैं. काफी देर बाद राहुल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. वहीं आकाश कुमार ततमा का मंगलवार शाम तक कोई पता नहीं चल सका था. जबकि मंजीत कुमार ततमा को स्थानीय लोगों ने पानी से बाहर निकालकर इलाज कराया, जिसके बाद उसकी हालत सामान्य बताई गयी.

शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम

राहुल कुमार का पोस्टमार्टम असम में कराया गया. मंगलवार को एंबुलेंस से शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. पूरे बैसा सीमा गांव में मातम पसर गया. स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे. पूर्व सरपंच सह वर्तमान सरपंच पति धर्मानंद यादव, उपमुखिया नीलेश कुमार सहित कई लोग मौके पर मौजूद रहे.

शादी की तैयारियां मातम में बदलीं

परिजनों ने बताया कि राहुल कुमार की शादी इसी वर्ष महेंद्रपुर में तय हुई थी. वह काम खत्म कर घर लौटने वाला था, जिसके बाद विवाह की तैयारियां शुरू होनी थीं. लेकिन शादी की खुशियां देखने से पहले ही उसकी अर्थी घर पहुंच गई. इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

कंपनी से मुआवजे की उम्मीद

स्थानीय लोगों ने बताया कि तीनों युवक एलएनटी कंस्ट्रक्शन कंपनी के तहत धुबरी जिले के फुलवाड़ी क्षेत्र में ब्रह्मपुत्र नदी पर पुल निर्माण कार्य में लगे थे. घटना की जानकारी कंपनी के अधिकारियों को दे दी गयी है. परिजन कंपनी और संबंधित प्रशासन से उचित मुआवजे तथा लापता युवक की शीघ्र तलाश की मांग कर रहे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >