मदरसों की औचक जांच में कहीं खामियां, कहीं मिली मिसाल

Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 09 Jun 2026 6:12 PM

विज्ञापन

बैसा प्रखंड में शैक्षणिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और सरकारी निर्देशों के अनुपालन की जांच के लिए बीडीओ राजकुमार चौधरी एवं बीईओ साजिद अली ने विभिन्न मदरसों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान बुनियादी सुविधाओं, छात्र-शिक्षक उपस्थिति और पठन-पाठन व्यवस्था का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले मदरसों की सराहना की.

विज्ञापन

पूर्णिया के बैसा से रिपोर्ट :

बैसा. प्रखंड क्षेत्र में शैक्षणिक व्यवस्था सुधारने और सरकारी दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक सक्रियता बढ़ गई है. इसी क्रम में, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार चौधरी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी साजिद अली ने प्रखंड क्षेत्र के कई मदरसों का औचक निरीक्षण किया. इस अचानक हुई जांच में मदरसा संचालकों और शिक्षकों में हड़कंप मच गया.

बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया

निरीक्षण के दौरान, दोनों अधिकारियों ने मदरसों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया. इनमें शुद्ध पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और मिड-डे मील की व्यवस्था शामिल थी. इसके अतिरिक्त, छात्रों के नामांकन के अनुपात में उनकी उपस्थिति और शिक्षकों की समय पर उपस्थिति की भी जांच की गई. बीडीओ और बीईओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बच्चों की पढ़ाई और उनकी सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि निरीक्षण में जहां भी लापरवाही, अव्यवस्था या नियमों की अनदेखी पायी गई है, उसे दर्ज कर लिया गया है. संबंधित संचालकों को जल्द सुधार करने का अल्टीमेटम दिया गया है अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी. मदरसों की इस औचक जांच के दौरान कई मदरसों का नजारा अन्य जगहों से भिन्न था. ऐसे मदरसों में पठन-पाठन का माहौल, साफ-सफाई, बच्चों की बेहतर उपस्थिति और अनुशासन उत्कृष्ट पाया गया.

अफसरों ने जतायी प्रसन्नता

ऐसे मदरसों की इस बेहतरीन व्यवस्था को देखकर प्रखंड विकास पदाधिकारी राज कुमार चौधरी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी साजिद अली ने प्रसन्नता व्यक्त की. दोनों अधिकारियों ने मदरसा प्रबंधन और वहां के शिक्षकों की कार्यशैली की सराहना की और इसे अन्य संस्थानों के लिए एक आदर्श बताया. इस व्यापक निरीक्षण के दौरान प्रखंड शिक्षा विभाग के कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और मदरसों के शिक्षक व प्रबंधन समिति के सदस्य भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.

विज्ञापन
Abhishek Bhaskar

लेखक के बारे में

By Abhishek Bhaskar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन