चेंबर ऑफ कॉमर्स, पूर्णिया के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल से पूर्णिया में शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान चेंबर पदाधिकारियों ने जिले के व्यापार जगत की गंभीर विद्युत समस्याओं और आवश्यकताओं को मंत्री के समक्ष रखा. ऊर्जा मंत्री ने व्यापारियों की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वस्त किया कि वे अगले माह पूर्णिया में व्यवसायियों के साथ एक विशेष समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा.
व्यवसायियों ने रखीं बिजली कटौती व स्मार्ट मीटर की समस्याएं
किशनगंज से भागलपुर वापसी के क्रम में पूर्णिया में रुके ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल से चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की. वार्ता के दौरान अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल ने जिले के व्यवसायियों को आ रही रोजमर्रा की विद्युत समस्याओं से मंत्री को विस्तार से अवगत कराया. चर्चा में मुख्य रूप से बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अघोषित बिजली कटौती व बार-बार होने वाली ट्रिपिंग, स्मार्ट मीटर की बिलिंग में आ रही विसंगतियां तथा नए कमर्शियल कनेक्शन व लोड बढ़ाने में विभागीय जटिलताओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. इसके अतिरिक्त औद्योगिक इकाइयों और कोल्ड स्टोरेज के लिए निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय की कमी पर भी चर्चा हुई.
अगले महीने अधिकारियों संग होगी बैठक, मौके पर होगा समाधान
चेंबर अध्यक्ष ने ऊर्जा मंत्री से आग्रह किया कि वे पूर्णिया के व्यापारी वर्ग से सीधा संवाद कर उनकी जमीनी समस्याओं को समझें. इस मांग पर त्वरित पहल करते हुए ऊर्जा मंत्री ने आश्वासन दिया कि वे अगले ही महीने पूर्णिया आकर व्यवसायियों के साथ विस्तृत बैठक करेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बैठक में बिजली विभाग के सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिससे तकनीकी व कागजी अड़चनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया जा सके.
ऊर्जा मंत्री ने नई टीम को दी शुभकामनाएं
मुलाकात के दौरान ऊर्जा मंत्री ने चेंबर ऑफ कॉमर्स के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल, महासचिव पारस जेजानी और कोषाध्यक्ष निर्मल जैन को उनके नए दायित्व के लिए बधाई दी. मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह नई और ऊर्जावान टीम पूर्णिया के व्यापार व वाणिज्य क्षेत्र को एक नई दिशा प्रदान करेगी. इस प्रतिनिधिमंडल में आलोक लोहिया, संदीप सिंह और आदित्य कर्ण भी मुख्य रूप से शामिल रहे.
चेंबर ने जताया आभार
चेंबर अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल ने मंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि मंत्री के सकारात्मक आश्वासन से व्यापारियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले माह विभागीय टीम के साथ होने वाली यह बैठक पूर्णिया के व्यवसायियों की समस्याओं के स्थायी समाधान में मील का पत्थर साबित होगी.
