पूर्णिया. ‘ऑपरेशन मुस्कान’ की बड़ी सफलता: 90 लोगों को लौटाए गए लाखों के मोबाइलबिहार के पूर्णिया में पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत एक सराहनीय सफलता देखने को मिली है। शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी स्वीटी सहरावत ने 90 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे। पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 94 लाख रुपये है। ये मोबाइल पिछले कुछ महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से या तो चोरी हो गए थे या कहीं गुम हो गए थे। तकनीकी सेल की मदद से पुलिस ने इन मोबाइलों को ट्रैक कर सफलतापूर्वक बरामद किया। मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान एसपी ने कहा कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ का उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि गुम हुए मोबाइल को खोजना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन तकनीकी टीम की सतर्कता और मेहनत से यह संभव हो पाया है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत ‘सनहा’ दर्ज कराएं, ताकि उसे जल्द ट्रैक किया जा सके। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लाभार्थियों ने उम्मीद छोड़ दी थी कि उनका फोन कभी वापस मिलेगा। लोगों ने पुलिस और एसपी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उनकी मेहनत की कमाई उन्हें वापस मिल गई। बताया गया कि बरामद मोबाइल में सबसे अधिक संख्या सदर, सरसी और कसबा थाना क्षेत्रों से है। पूर्णिया पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे इस अभियान से न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिल रही है, बल्कि पुलिस की छवि एक ‘मित्र पुलिस’ के रूप में भी मजबूत हो रही है।
Purnia. 90 लोगों को लौटाए गए लाखों के मोबाइल
90 लोगों को लौटाए गए लाखों के मोबाइल
