पूर्णिया शहर के संवेदनशील इलाके डीआईजी चौक के समीप बीती रात बेखौफ बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ दो राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद बदमाश मौके से फरार हो गया. गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर और एफएसएल की टीम फौरन मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
फायरिंग के बाद इलाके में दहशत, मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल
डीआईजी चौक जैसे प्रमुख इलाके में रात के समय हुई इस गोलीबारी की घटना से आसपास के लोगों और दुकानदारों में भारी दहशत का माहौल बन गया. वारदात की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. उनके साथ विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची. पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया तथा जमीन से आवश्यक भौतिक व वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए.
सीसीटीवी में फायरिंग कर भागता दिखा संदिग्ध
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ सदर अभिनव परासर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है. सीसीटीवी फुटेज की प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति साफ तौर पर हवा में फायरिंग करते हुए और फिर तेजी से भागते हुए दिखाई दे रहा है. पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाश के भागने के रूट और उसके हुलिए की पहचान करने में जुटी हुई है.
हर एंगल से तफ्तीश जारी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
एसडीपीओ सदर ने स्पष्ट किया कि पुलिस इस पूरे मामले की हर संभावित पहलू से गहन जांच कर रही है. घटना के पीछे की मंशा, आपसी रंजिश या दहशत फैलाने के मकसद की पड़ताल की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान लगभग सुनिश्चित की जा रही है और पुलिस की विशेष टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, ताकि जल्द से जल्द मामले का पर्दाफाश किया जा सके.
