पूर्णिया विश्वविद्यालय में अब QR स्कैन कर ऑनलाइन दर्ज करें शिकायत, 'समर्थ' पोर्टल शुरू

पूर्णिया विश्वविद्यालय ने 'समर्थ' नाम से एक ऑनलाइन शिकायत निवारण पोर्टल लॉन्च किया है. यह पोर्टल छात्रों, कर्मचारियों और आगंतुकों को अपनी शिकायतें आसानी से ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा देता है. विश्वविद्यालय का लक्ष्य 15 कार्य दिवसों के भीतर सभी शिकायतों का समाधान करना है.

Purnea University: कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह के मार्गदर्शन में पूर्णिया विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन ग्रीवांस रिड्रेसल (शिकायत निवारण) पोर्टल की शुरुआत कर दी है. इस संबंध में कुलसचिव प्रो. अखिलेश कुमार ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की है. नई व्यवस्था के तहत विश्वविद्यालय से जुड़े सभी पात्र लोग 'समर्थ' पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे.

विद्यार्थियों से लेकर कर्मचारियों तक सभी को मिलेगी सुविधा

विश्वविद्यालय के मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इस पोर्टल का लाभ अंगीभूत महाविद्यालयों के स्थायी कर्मचारी, अतिथि शिक्षक, संबद्ध महाविद्यालयों के कर्मचारी, आउटसोर्सिंग स्टाफ, विश्वविद्यालय मुख्यालय के कर्मचारी, विद्यार्थी तथा अन्य आगंतुक भी उठा सकेंगे.

QR कोड स्कैन कर भी दर्ज होगी शिकायत

विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिकायत दर्ज करने के लिए पोर्टल का लिंक और QR कोड विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है. संबंधित व्यक्ति QR कोड स्कैन कर सीधे पोर्टल पर पहुंचकर अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं.

15 कार्य दिवस के भीतर होगा निस्तारण

Purnea University: विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों, विभागों और संबंधित प्रकोष्ठों को निर्देश दिया है कि प्राप्त शिकायतों का अधिकतम 15 कार्य दिवस के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए. साथ ही शिकायतकर्ताओं से सही, पूर्ण और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई है, ताकि मामलों का समय पर समाधान किया जा सके.

पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की पहल

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस ऑनलाइन व्यवस्था से शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनेगी. इससे विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. और पढ़ें : शिव शिष्यता की जननी राजमणि दीदी नीलम आनंद के 74 वां जन्म दिवस पर वृक्षारोपण कार्यक्रम


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिषेक भास्कर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >