– स्नातक नामांकन सत्र 2026–2030 को लेकर पूर्णिया विवि आज जारी करेगा अधिसूचना – 15 अंगीभूत , नवगठित 21 प्रखंड डिग्री कॉलेज और 27 संबद्ध कॉलेज शामिल पूर्णिया. सीमांचल के 63 डिग्री कॉलेज में स्नातक की 60 हजार से अधिक सीटों पर नामांकन के लिए कल से ऑनलाइन आवेदन का दौर प्रारंभ हो जाएगा. इन कॉलेजों में 15 अंगीभूत कॉलेज, नवगठित 21 प्रखंड डिग्री कॉलेज और 27 स्थायी व अस्थायी संबंधन प्राप्त कॉलेज शामिल हैं.इसे लेकर पूर्णिया विवि आज सोमवार को अधिसूचना जारी करेगा. कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह के मार्गदर्शन में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ करने की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. इस संबंध में विवि मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्णिया विश्वविद्यालय की ओर से चार वर्षीय स्नातक यूजी पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया 25.05.2026 से प्रारंभ की जा रही है. इस संबंध में विस्तृत अधिसूचना दिनांक 25.05.2026 को विश्वविद्यालय जारी करेगा. अधिसूचना के साथ-साथ ऑनलाइन नामांकन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश एवं ऑनलाइन आवेदन प्रपत्र भरने की चरणबद्ध प्रक्रिया भी जारी की जाएगी. समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26.05.2026 को प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होगी. इस बार दो विषय, 11 कॉलेज का विकल्प इस वर्ष नामांकन प्रक्रिया में विद्यार्थियों की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्था की गई है, जिसके अंतर्गत आवेदक एक ही आवेदन प्रपत्र के माध्यम से दो अलग-अलग विषयों में आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए केवल एक ही आवेदन शुल्क देय होगा.साथ ही, आवेदक दो अलग-अलग महाविद्यालयों में अलग-अलग विषयों हेतु भी आवेदन कर सकेंगे. प्रत्येक विषय के लिए अधिकतम 11 महाविद्यालयों का विकल्प चयन करना अनिवार्य होगा. यदि किसी विषय के लिए 11 महाविद्यालय उपलब्ध नहीं हों, तो शेष विकल्पों में “नॉट इंटरेस्टेड” अंकित करना होगा. ये दस्तावेज करने होंगे अपलोड नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो, हस्ताक्षर, 10वीं एवं 12वीं का अंकपत्र, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो),यदि किसी आवेदक के पास 12वीं का मूल अंक पत्र उपलब्ध नहीं है, तो वह अपने 12वीं के ऑनलाइन अंक पत्र (वेब कॉपी) अथवा डिजीलॉकर से डाउनलोड की गई प्रति को अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य से सत्यापित कराकर अपलोड कर सकते हैं. हालांकि, नामांकन के समय अभ्यर्थी द्वारा प्रस्तुत मूल अंक पत्र से अंकों का मिलान किए जाने के उपरांत ही नामांकन को अंतिम रूप से स्वीकृत किया जाएगा.
सीमांचल के 63 कॉलेज में स्नातक की 60 हजार सीटों पर नामांकन को कल से ऑनलाइन आवेदन
पूर्णिया विवि
