Purnia Drowning Tragedy: पूर्णिया. धमदाहा प्रखंड के ठाढ़ी राजो पंचायत के वार्ड संख्या-09 स्थित चन्द्रही शंकर चौक में पानी में डूबने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत के बाद मंत्री लेशी सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
मृतकों में दो 14 और एक 15 वर्षीय किशोर
मृतकों की पहचान अजय कुमार ऋषिदेव के 14 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार, गुमदेव ऋषि के 15 वर्षीय पुत्र राजकुमार ऋषिदेव तथा बबलू ऋषिदेव के 14 वर्षीय पुत्र बैजू कुमार के रूप में हुई है. तीनों बच्चों की मौत से परिवार और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है.
प्रति मृतक चार लाख रुपये की सहायता
मंत्री लेशी सिंह ने राज्य सरकार की ओर से अनुग्रह सहायता राशि के तहत प्रति मृतक चार लाख रुपये की दर से कुल 12 लाख रुपये का सांकेतिक चेक परिजनों को प्रदान किया. उन्होंने अपनी ओर से भी पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी.
दुख की भरपाई संभव नहीं, सरकार परिवार के साथ
मंत्री ने कहा कि प्रियजन को खोने के दर्द की भरपाई किसी भी सहायता से संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है. प्रभावित परिवार को राहत और सहायता समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.
अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश
लेशी सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को सरकार की अन्य पात्र कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि परिवार को हरसंभव सरकारी सहयोग मिलना चाहिए, ताकि इस कठिन समय में उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध हो सके.
दिवंगत बच्चों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
Purnia Drowning Tragedy: मंत्री ने दिवंगत तीनों बच्चों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
