भवानीपुर (पूर्णिया). मक्का खरीद-बिक्री के सीजन में पूर्णिया जिले के भवानीपुर नगर क्षेत्र की सड़कें इन दिनों भारी जाम की समस्या से जूझ रही हैं. सुबह होते ही मक्का लदे ट्रक और ट्रैक्टरों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है. स्थिति यह है कि एसएच-65 समेत मुख्य बाजार होकर गुजरने वाली बजरंगबली चौक से थाना चौक तक तथा बस स्टैंड से धमदाहा जाने वाली सड़क पर लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार बीते कई दिनों से लगातार यही स्थिति बनी हुई है. मक्का लेकर आने वाले ट्रक व ट्रैक्टर सड़क किनारे ही खड़े होकर बिक्री करने लगते हैं, जिससे जाम और गंभीर हो जाता है. खासकर थाना चौक पर चारों ओर से सड़क मिलने के कारण दिनभर वाहनों का दबाव बना रहता है. जाम का सबसे अधिक असर बाइक सवारों, स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों पर पड़ रहा है. सुबह स्कूल खुलने के समय सड़क पर घंटों जाम रहने से बच्चों को समय पर विद्यालय पहुंचने में परेशानी हो रही है. वहीं जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मक्का का सीजन अभी लंबा चलेगा. लोगों ने प्रशासन से जल्द यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने और मक्का लदे वाहनों के लिए अलग व्यवस्था करने की मांग की है.
मक्का सीजन में भवानीपुर में लंबा जाम, सुबह होते ही सड़कों पर रेंगने लगते हैं वाहन
सुबह होते ही सड़कों पर रेंगने लगते हैं वाहन
