पूर्णिया प्रमंडल आदिवासी छात्र एवं युवा समिति के तत्वावधान में आयोजित 43वें फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन बाघमारा स्थित झील टोला फुटबॉल मैदान में हुआ. पिछले 15 दिनों से चल रहे इस रोमांचक फुटबॉल टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में हरिशचंद्रपुर (पश्चिम बंगाल) की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बक्सा घाट (पूर्णिया) की टीम को पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना की सराहना की.
फाइनल मुकाबले में हरिशचंद्रपुर ने दर्ज की शानदार जीत
झील टोला मैदान में खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों ही टीमों के बीच जोरदार और कड़ा मुकाबला देखने को मिला. हरिशचंद्रपुर, बंगाल और बक्सा घाट, पूर्णिया के खिलाड़ियों ने पूरे मैच के दौरान बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन किया. अंततः बेहतर रणनीति और आक्रामक खेल के दम पर हरिशचंद्रपुर की टीम ने मैच जीतकर 43वें फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया. मैच समाप्ति के तुरंत बाद मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता टीम हरिशचंद्रपुर और उपविजेता टीम बक्सा घाट को चमचमाती ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया.
समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया हौसला
टूर्नामेंट के समापन समारोह में खेल और सामाजिक जगत से जुड़े कई प्रमुख चेहरों ने शिरकत की. समारोह में कसबा विधायक नितेश सिंह, भाजपा नेत्री नूतन गुप्ता, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र उरांव और ब्रजेश कुमार उर्फ मंटू यादव मुख्य रूप से मौजूद रहे. अतिथियों ने युवाओं को खेलों से जुड़ने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
हजारों दर्शकों की मौजूदगी में संपन्न हुआ आयोजन
इस 15 दिवसीय चैंपियनशिप को सफल बनाने में आयोजन समिति के पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही. कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र उरांव, संयोजक मायाराम उरांव, सचिव रावण उरांव तथा आदिवासी विकास परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र उरांव सहित अन्य सदस्य जुटे रहे. फाइनल मैच के दौरान मैदान के चारों तरफ हजारों की तादाद में पहुंचे स्थानीय खेलप्रेमियों और दर्शकों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का लगातार हौसला बढ़ाया.
