पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड अंतर्गत आमगाछी पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित घाट टोला हक्का गांव में अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी. आग की चपेट में आने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई. एक ई-रिक्शा, एक मोटरसाइकिल, चार बकरियां और घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि एक गाय गंभीर रूप से झुलस गई.
स्थानीय मुखिया मोहम्मद सनव्वर आलम और सरपंच अनीस रहमान ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने का मौका नहीं मिला. देखते ही देखते आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया. घरों के बाहर और अंदर रखे वाहन, मवेशी तथा अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गए.
इस हादसे में अफजल, अफरोज और हल्सनिया के परिवार सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं. पीड़ित परिवारों के घरों में रखा अनाज, कपड़े, जरूरी दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया. इससे उनके सामने रहने और भोजन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है.
घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के अन्य घरों को सुरक्षित बचा लिया गया.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अंचल प्रशासन से घटनास्थल का जल्द निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.
