– एक अल्ट्रासाउंड सेंटर में गैरप्रशिक्षित कर्मियों से लिया जा रहा था काम भवानीपुर. जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर गठित जांच दल ने शनिवार को भवानीपुर बाजार में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों एवं फर्जी क्लीनिकों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया. इस कार्रवाई से अवमानक संस्थानों में हड़कंप मच गया. जांच दल का गठन धमदाहा एसडीएम अनुपम के नेतृत्व में किया गया था. उनके अवकाश पर रहने के कारण टीम की अगुवाई धमदाहा एडीएसओ रविंद्र राय ने की. उनके साथ अमौर रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एहतेमामूल हक तथा कसबा अस्पताल की बीएचएम अपराजिता कुमारी भी मौजूद थीं. जांच के दौरान टीम ने पाया कि भवानीपुर बाजार में संचालित कई अल्ट्रासाउंड एवं पैथोलॉजी सेंटर बिना वैध अनुमति के चल रहे थे. कार्रवाई की भनक लगते ही कुल 17 केंद्रों के संचालक प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गए. जांच दल ने इन सभी बंद प्रतिष्ठानों की फोटोग्राफी कर रिपोर्ट तैयार की. वहीं, एक अल्ट्रासाउंड सेंटर जांच के दौरान खुला पाया गया, जहां गैर-प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किए जाने का मामला सामने आया. इस पर टीम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित संचालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की बात कही. इसके अलावा टीम ने क्षेत्र में चल रहे फर्जी क्लीनिकों की भी जांच की. जांच में पाया गया कि कई क्लीनिक बिना लाइसेंस एवं मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित हो रहे हैं. इन सभी मामलों का दस्तावेजीकरण कर विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपे जाने की तैयारी की जा रही है.जांच दल के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर एवं फर्जी नर्सिंग होम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
भवानीपुर में अवैध अल्ट्रासाउंड व क्लीनिकों पर शिकंजा, 17 केंद्र बंद कर संचालक हुए फरार
17 केंद्र बंद कर संचालक हुए फरार
