Purnia Student Protest: पूर्णिया. छात्र आंदोलन के दौरान घटित घटनाओं की जांच के उद्देश्य से कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने पूर्णिया का दौरा किया. प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों, प्रभावित छात्रों, उनके परिजनों और अन्य संबंधित पक्षों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. टीम ने उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों का भी संकलन किया.
राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने किया दौरा
प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक, बिहार विधानसभा सदस्य मनोज विश्वास, कांग्रेस लीगल टीम की सदस्य चितवन गोदारा तथा भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्ण हरि शामिल थे. सभी सदस्यों ने विभिन्न पक्षों से बातचीत कर घटनाओं की जानकारी प्राप्त की.
डीएम और एसडीपीओ से की विस्तृत चर्चा
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले जिलाधिकारी और एसडीपीओ से मुलाकात की. इस दौरान छात्र आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं, प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई तथा उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
गिरफ्तार होकर रिहा हुए छात्रों से भी मिले
प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन के दौरान गिरफ्तार होकर बाद में रिहा किए गए छात्रों के घर जाकर उनसे और उनके परिजनों से बातचीत की. साथ ही छात्रावास का दौरा कर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और सभी पक्षों की बातों को गंभीरता से सुना.
तथ्यों के आधार पर तैयार होगी रिपोर्ट
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने कहा कि समिति ने प्रशासन, छात्रों, उनके परिजनों तथा अन्य संबंधित पक्षों से प्राप्त तथ्यों और बयानों का निष्पक्ष अध्ययन किया है. इन सभी तथ्यों के आधार पर विस्तृत और तथ्यपरक रिपोर्ट तैयार कर कांग्रेस नेतृत्व को सौंपी जाएगी, ताकि पूरे घटनाक्रम का वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन किया जा सके.
अन्याय मिलने पर उठाएंगे आवाज
डॉ. रागिनी नायक ने कहा कि यदि जांच के दौरान छात्रों के साथ किसी प्रकार के अन्याय या उनके अधिकारों के उल्लंघन के तथ्य सामने आते हैं तो कांग्रेस पार्टी न्याय सुनिश्चित कराने और छात्रों की आवाज को हर लोकतांत्रिक मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने के लिए आवश्यक कदम उठायेगी.
कांग्रेस पदाधिकारी भी रहे मौजूद
Purnia Student Protest: दौरे के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी (अर्बन) के अध्यक्ष कुमार आदित्य के समन्वय में जवाहर किशोर उर्फ रिंकू यादव, जयवर्धन सिंह, राहुल चौधरी, खालिद अंजुम, अजमेर करीम, विक्रम पासवान, करण कुमार यादव, मोहम्मद नेहाल सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
