पूर्णिया के विद्याविहार परोरा में श्रोताओं को रूहानी सुकून दे गई शास्त्रीय संगीत की गायिकी
शास्त्रीय संगीत के जाने माने गायक पंडित कुमार मर्दुर ने सजायी संगीत की महफिल
शास्त्रीय संगीत के जाने माने गायक पंडित कुमार मर्दुर ने सजायी संगीत की महफिल
सुर, ताल और रागों के संयोजन से मंत्रमुग्ध हो उठा संगीत की महफिल का माहौल
स्पीक मैके के सहयोग से विद्या विहार आवासीय विद्यालय में हुआ सारस्वत अनुष्ठान
पूर्णिया. शहर से सटे परोरा के विद्या विहार आवासीय विद्यालय स्थित रविन्द्र नारायण मिश्र ऑडोटिरियम में संगीत की शाम में सुरों की बयार बहती रही जिसमें शास्त्रीय संगीत की गायिकी श्रोताओं को रूहानी सुकून दे गई. किराना घराना परंपरा का प्रतिनिधित्व कर रहे हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के जाने माने गायक , धारवाड़,कर्नाटक के पंडित कुमार मर्दुर का गायन राग-रागिनियों की उपस्थिति जैसा अहसास करा गया. संगीत की इस महफिल में सुर, ताल और रागों के संयोजन से पूरा माहौल मंत्रमुग्ध हो उठा. विश्व विरासत दिवस सप्ताह के मौके पर गुरुवार की देर शाम स्पीक मैके के सहयोग से विद्या विहार आवासीय विद्यालय परिसर में पंडित कुमार मर्दुर शास्त्रीय संगीत का जलवा बिखेर रहे थे. पंडित कुमार मर्दुर ने राग पूरिया धनाश्री में विलंबित लय के साथ संगीत के इस महफिल का आगाज किया और फिर तीन ताल मध्यलय में उन्होंने विख्यात बंदिश ‘पायलिया झंकार’ की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया. एकताल में जब उन्होंने तराना पेश किया तो पूरा ऑडोटेरियम तालियों से गूंज उठा. समापन से पहले उन्होंने मीरा का भजन सुनाकर माहौल में भक्ति का रस घोल दिया. हारमोनियम पर वरिष्ठ वादक पंडित धर्मनाथ मिश्र और तबला पर अर्कोदीप दास संगत दे रहे थे. इस सारस्वत अनुष्ठान में शहर के संगीतप्रेमी गायिकी में रागों की स्वर लहरियों के उतार-चढ़ाव का अनूठा संगम देख रोमांचित हो रहे थे. जैसे-जैसे शाम गहराती गई, सुरों की बयार लोगों को आत्मिक शांति का अनुभव कराती रही और पूरा ऑडोटेरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा. सुरों की महफिल सजाने से पहले पंडित कुमार मर्दुर ने विद्या विहार के विद्यार्थियों को शास्त्रीय गायन के विशेष गुणों से रू-ब-रू कराया और इसकी अहमियत बतायी. संगीत के इस महफिल की शुरुआत विद्याविहार के चेयरमैन प्रो. रत्नेश्वर मिश्रा, निदेशक रंजीत कुमार पॉल, जेएनयू के प्रो. देवेन्द्र चौबे, साहित्य एकेडमी के पूर्व सचिव श्रीनिवास राव, विद्याविहार के प्रिंसिपल निखिल रंजन, सचिव राजेश कुमार मिश्रा, स्पीक मैके के प्रेसिडेंट विजय नंदन प्रसाद, स्पीक मैके के स्टेट को-आर्डिनेटर स्वरुप कुमार दास एवं अतिथि कलाकारों के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया. स्कूल के विद्यार्थी, शिक्षक एवं शहर के शास्त्रीय संगीत प्रेमी एवं शास्त्रीय संगीत के अनेक विद्यार्थी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे.