भवानीपुर.भवानीपुर थानाक्षेत्र के सुपौली में सोमवार की संध्या एक युवक से झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने की घटना को अंजाम दिया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर मामले में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया. पीड़ित छात्र दरगाहा निवासी मो. अफसार ने बताया कि सोमवार की शाम वह रनिंग के लिए सुपौली माता स्थान की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और उनके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित ने भवानीपुर थाना में लिखित आवेदन दिया. इसके साथ ही परिजनों के साथ मिलकर युवक और बाइक की तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान भवानीपुर बाजार स्थित बजरंगबली चौक पर संदिग्ध युवक बाइक के साथ दिखाई दिया. परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को कब्जे में लिया. गिरफ्तार युवक की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के शहीदगंज निवासी 22 वर्षीय अमन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में अमन कुमार ने बताया कि मोबाइल छीनने के बाद उसने उसे भवानीपुर नगर पंचायत के गोढ़ियारी टोला निवासी लालो मंडल को बेच दिया था. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छापामारी कर लालो मंडल को घर से गिरफ्तार कर लिया गया . थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
मोबाइल झपटमारी में महज चार घंटे में झपटमार व खरीदार दोनों गिरफ्तार
भवानीपुर
