ईओ ने कहा- लिखित शिकायत मिलेगी तो करेंगे कार्रवाई प्रतिनिधि,कसबा. नगर परिषद कसबा के गुदड़ी बाजार स्थित सब्जी बाजार में अवैध वसूली का मामला सामने आया है. दूर-दराज से आए ग्रामीण सब्जी दुकानदारों से तय शुल्क से कही अधिक रुपए वसूले जा रहे हैं. नियमानुसार दुकानदारों से 7 रुपए लेकर 11 रुपए शुल्क लिया जाना चाहिए, लेकिन 80 से 120 रुपए तक वसूले जा रहे हैं. साथ ही यह शुल्क 24 घंटों में मात्र एक बार ही वसूलना है, लेकिन सब्जी दुकानदारों से सुबह और शाम दोनों समय वसूले जा रहे हैं. इसके अतिरिक्त सब्जी बाजार में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है. सब्जी दुकानदारों ने आरोप लगाया है कि पैसे न देने पर उन्हें धमकाया जाता है, दुकानें हटाने की कोशिश की जाती है और कई बार उनकी सब्जियां भी उठा ली जाती हैं. पीड़ितों के अनुसार, उनसे कहा जाता है कि या तो पैसे दें या बाजार छोड़ दें. दुकानदारों ने बताया कि पहले 20 रुपए शुल्क लिया जाता था. अब उनसे 80 से 120 रुपए वसूले जा रहे हैं. इस संबंध में नगर परिषद कसबा के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि गुदड़ी बाजार के सब्जी दुकानदारों व मछली दुकानदारों के द्वारा लिखित शिकायत मिलने पर जांच के लिए एक टीम भेजी जाएगी. यदि निर्धारित दर से अधिक वसूली पायी जाती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कसबा गुदड़ी बाजार में सब्जी विक्रेताओं से मनमाना वसूली
ईओ ने कहा- लिखित शिकायत मिलेगी तो करेंगे कार्रवाई
