एसिड पीड़ित एक और मरीज को जीएमसीएच में मिला जीवन दान

राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल

पूर्णिया. जिले में लोगों को विभिन्न प्रकार की सरकारी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ साथ ऑपरेशन के गंभीर मामलों में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का सर्जरी विभाग लगातार मरीजों को जीवन दान दे रहा है. इसी कड़ी में सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने एक और एसिड पान करने वाले मरीज की सफलता पूर्वक ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई है. मिली जानकारी के अनुसार कटिहार जिला अंतर्गत कोढ़ा प्रखंड निवासी 45 वर्षीय दिलीप महतो द्वारा लगभग डेढ़ माह पूर्व एसिड पान कर लेने की वजह से उसके आमाशय का निचला भाग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होकर वहां गैस्ट्रिक आउटलेट ओबस्ट्रक्शन का मामला बन गया था. उसे गंभीर स्थिति में इलाज के लिए जीएमसीएच लाया गया. जांच में चिकित्सकों ने पाया कि उस स्थान पर भोजन के आगे जाने का मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो चुका है. जिसके बाद चिकित्सकों की टीम ने गुरुवार को मरीज का सफलतापूर्वक गैस्ट्रोजेजुनोस्टॉमी नामक जटिल ऑपरेशन किया. बताते चलें कि इससे पूर्व भी कई जटिल सर्जरी जीएमसीएच में डॉ. तारकेश्वर कुमार एवं डॉ. विकास कुमार की टीम द्वारा सफलतापूर्वक की जा चुकी है. इस ऑपरेशन के दौरान अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ऑपरेशन थिएटर में उपस्थित रहकर पूरी प्रक्रिया का मार्गदर्शन एवं सभी का उत्साहवर्धन करते रहे. ऑपरेशन टीम में मुख्य रूप से सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. तारकेश्वर कुमार, डॉ. अमर, डॉ. अपराजिता, एनेस्थीसिया विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विकास कुमार के साथ साथ सहयोगी के रूप में डॉ. डेनिस, डॉ. आशीष, डॉ. आशुतोष, डॉ. ऋषभ, अश्वनी, डॉ. सुमन, सुलेखा, बाबू नारायण एवं अजय शामिल रहे. यह सबसे बड़ी बात है कि इस तरह के जटिल ऑपरेशन में निजी अस्पतालों में मरीजों को अमूमन लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जबकि जीएमसीएच में यह सुविधा बिल्कुल निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है इससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को न सिर्फ लाभ मिल रहा है बल्कि लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर एवं उन्नत शल्य चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SATYENDRA SINHA

SATYENDRA SINHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >