संवाद में प्रेस कांफ्रेंस
– सहकारिता विभाग का 90 साल पुराना बायलॉज शीघ्र तैयार होगा
– बढ़े एमएसपी पर अप्रैल से गेहूं की होगी खरीद
संवाददाता, पटना
सहकारिता मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि वर्ष 2024–25 में सहकारिता विभाग के तहत सात सहायक निबंधक, पांच निम्नवर्गीय लिपिक एवं चार कार्यालय परिचारी की नियुक्ति की गयी है. 29 सहायक निबंधक, चार जिला अंकेक्षण पदाधिकारी, 133 निम्नवर्गीय लिपिक सहित कुल 234 पदों पर नियुक्ति प्रक्रियाधीन है. 502 सहकारिता प्रसार पदाधिकारी एवं 32 अंकेक्षकों सहित कुल 572 पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग-बिहार कर्मचारी चयन आयोग से की गयी है. कुल 806 पदों पर बहाली होगी. वे बुधवार को पटना स्थित सूचना व जन संपर्क विभाग के संवाद कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे.
धान खरीद का 9120 करोड़ रुपये का हुआ भुगतान
मंत्री ने बताया कि सहकारिता विभाग का 90 साल पुराना बायलॉज विधानसभा के इसी सत्र में बदला जायेगा. नया बायलॉज जल्द ही आ जायेगा. मंत्री ने बताया कि सर्वर में परेशानी होने के कारण सभी किसानों को 48 घंटे के अंदर धान का भुगतान नहीं किया जा सका है. लेकिन, 99 फीसदी किसानों का भुगतान किया जा चुका है. मंत्री ने बताया कि इस वर्ष बीते साल की तुलना में 21 फीसदी अधिक धान की खरीद हुई है. मंत्री ने बताया कि संयुक्त धान खरीद का 9120 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है. राज्य खाद्य निगम को 9.46 लाख एमटी चावल की आपूर्ति की जा चुकी है.
तरकारी के आउटलेट खोले जायेंगे
तरकारी आउटलेट खोले जायेंगे. प्याज उत्पादन करने वाले प्रखंडों में प्याज भंडारण के लिए गोदाम बनाये जायेंगे. फसल सहायता योजना के तहत 29,05,476 लाभुक किसानों को 1867.58 करोड़ की सहायता राशि का भुगतान किया गया है. मौके पर विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह, निबंधक सहयोग समितियां इनायत खान, अपर सचिव अभय कुमार सिंह, अपर निबंधक प्रभात कुमार, प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य सहकारी बैंक मनोज कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक बिहार राज्य भंडार निगम, डॉ गगन एवं सहकारिता विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
