बिहार के औद्योगीकरण से ही मिलेगा स्थायी रोजगार, महाधिवक्ता सत्यदर्शी संजय ने बताई विकास की राह

बिहार के महाधिवक्ता सत्यदर्शी संजय के अनुसार, राज्य में बेरोजगारी का स्थायी समाधान केवल मजबूत औद्योगीकरण से ही संभव है. उन्होंने नीतियों के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन को निवेशकों के विश्वास के लिए महत्वपूर्ण बताया.

Patna News : बिहार के महाधिवक्ता सत्यदर्शी संजय ने कहा कि अधिक जनसंख्या वाले बिहार में बेरोजगारी की समस्या का स्थायी समाधान केवल मजबूत औद्योगीकरण से ही संभव है. उन्होंने कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए केवल आकर्षक औद्योगिक नीतियां बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन भी उतना ही जरूरी है. निवेशकों का विश्वास तभी मजबूत होगा, जब सरकारी नीतियां जमीनी स्तर पर पूरी गंभीरता से लागू हों.

कानून का शासन और सुशासन विकास की बुनियाद

बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) द्वारा आयोजित अभिनंदन एवं उद्योग-विधि संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाधिवक्ता ने कहा कि कानून का शासन, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन किसी भी राज्य के आर्थिक विकास की बुनियादी शर्त हैं. उन्होंने कहा कि उद्योग और शासन के बीच निरंतर संवाद तथा आपसी विश्वास से ही निवेश के अनुकूल माहौल तैयार किया जा सकता है.

न्यायिक व्यवस्था निवेशकों का भरोसा बढ़ाती है

सत्यदर्शी संजय ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था केवल विवादों के निपटारे तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक विकास में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उद्योगों से जुड़े मामलों का त्वरित और प्रभावी समाधान निवेशकों का भरोसा बढ़ाता है और राज्य की औद्योगिक छवि को मजबूत करता है. उन्होंने विधिक जागरूकता बढ़ाने और कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया.

सरकार, उद्योग और कानून के बीच बेहतर समन्वय जरूरी

महाधिवक्ता ने उद्योग जगत को भरोसा दिलाया कि कानून के प्रभावी पालन, सुशासन और उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ निरंतर संवाद और सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार, उद्योग और विधि व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय से बिहार निवेश के लिए अधिक आकर्षक राज्य बन सकता है.

उद्योग प्रतिनिधियों ने रखीं अपनी समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने औद्योगिक इकाइयों के सामने आने वाली विधिक एवं प्रशासनिक चुनौतियों, व्यवसाय सुगमता और निवेश संवर्धन से जुड़े मुद्दों को उठाया. इस पर महाधिवक्ता ने कहा कि ऐसे संवाद राज्य के औद्योगिक विकास के लिए उपयोगी हैं और नीतियों के बेहतर क्रियान्वयन में मदद करते हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि नियमित संवाद से बिहार में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी.

बीआईए अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं

बीआईए के अध्यक्ष राम लाल खेतान ने महाधिवक्ता सत्यदर्शी संजय को बिहार के सर्वोच्च विधि अधिकारी के संवैधानिक पद पर नियुक्त होने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि सत्यदर्शी संजय का बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन से वर्षों पुराना संबंध रहा है और वे संस्था के उद्देश्यों तथा कार्यों से भली-भांति परिचित हैं. उन्होंने यह भी कहा कि न्यायपालिका केवल विवादों के समाधान का मंच नहीं, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास और निवेश बढ़ाने की महत्वपूर्ण भागीदार है.

पटना होटल में पुलिस की बड़ी छापेमारी, नाबालिग का रेस्क्यू, संचालक समेत तीन गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >