Patna Police: पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पटना पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से सात चोरी की बाइक बरामद की गई हैं.
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी काफी कम उम्र के हैं और 18 से 22 साल के बीच हैं. यह गिरोह गया से रोज पटना आता था और यहां अलग अलग इलाकों में बाइक चोरी करता था. चोरी करने के बाद सभी आरोपी वापस गया लौट जाते थे. जरूरत पड़ने पर ये लोग रामकृष्णानगर इलाके में किराये के कमरे में भी रुकते थे.
रोजाना 300 किलोमीटर की करते थे सफर
यह गिरोह रोज करीब 300 किलोमीटर तक का सफर करता था. 17 अप्रैल को बैंक ऑफ इंडिया के पास एक बाइक चोरी के दौरान अमर कश्यप नाम के आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के बारे में जानकारी दी.
इसके आधार पर सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार के निर्देश पर टीम बनाकर गया में छापेमारी की गई. वहां से नौ और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार लोगों में अमर कश्यप, सुमित कुमार, विपुल कुमार, संटू राज, छोटू कुमार, सन्नी कुमार, कुंदन, साहिल, सत्यम और ऋतिक कुमार शामिल हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पूछताछ में क्या सामने आये
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बाइक का लॉक तोड़कर चोरी करते थे और फिर गया ले जाकर उसे बेच देते थे. ये बाइक शराब तस्करों और अपराधियों को आठ से दस हजार रुपये में बेची जाती थी. पहचान छुपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट भी बदल दी जाती थी.
पुलिस ने बरामद सात बाइक में से पांच की पहचान कर ली है, जो पटना के अलग अलग इलाकों से चोरी हुई थीं. पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी.
इसे भी पढ़ें: विजय सिन्हा की सुरक्षा घटी, निशांत कुमार को मिली Z केटेगरी सुरक्षा, बिहार सरकार का फैसला
