Patna News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने परिजनों के साथ पटना साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने दशमेश पिता गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के जन्मस्थान एवं सिखों के दूसरे तख्त श्री पटना साहिब में हाजिरी लगाई. पटना एयरपोर्ट पर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधन कमेटी के प्रधान जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंद्रजीत सिंह, कनीय उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह और प्रवक्ता सुदीप सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. इसके बाद उन्हें तख्त साहिब ले जाया गया.
दरबार साहिब में मत्था टेका, मिला गुरुघर का आशीर्वाद
तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दरबार साहिब में मत्था टेका और गुरुघर का आशीर्वाद प्राप्त किया. इस अवसर पर जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री को गुरु महाराज से जुड़ी पवित्र वस्तुओं के दर्शन भी कराये गये. प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारियों ने उन्हें गुरु महाराज का प्रतीक चिह्न और श्री साहिब भेंट किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने देश और दुनिया में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है. दरबार साहिब में उन्होंने अपने परिवार के साथ शबद कीर्तन भी सुना.
ALSO READ: पटना जीपीओ में पोस्टमैन के रिक्त पदों पर जीडीएस कर्मियों की तैनाती की तैयारी
