पटना में दुकान से खींचकर नाबालिग को गोली मारी, कंधे में लगी गोली; बदमाश फरार, जांच जारी

पटना के दानापुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो बदमाशों ने एक नाबालिग लड़की को टेलर की दुकान से खींचकर गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है.

Patna Crime News : पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र के आरपीएस मोड़ स्थित आर्य समाज डीएवी पब्लिक स्कूल के गेट के सामने रविवार शाम दो बदमाशों ने टेलर की दुकान से खींचकर एक नाबालिग लड़की को गोली मारकर जख्मी कर दिया. गोली लड़की के कंधे में लगी है. घटना के बाद उसे परिजनों ने राजा बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. गोली चलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

जान बचाने के लिए टेलर की दुकान में छिपी थी लड़की

दुकानदार के अनुसार, रविवार शाम नाबालिग लड़की दुकान में आई और बदमाशों से बचने के लिए उसके पीछे छिप गई. लड़की का पीछा करते हुए दो बदमाश दुकान के अंदर पहुंच गए. आरोप है कि दोनों ने दुकानदार को हटने के लिए कहा और धमकी दी कि बीच में आने पर गोली मार देंगे.

इसके बाद बदमाश लड़की को दुकान से खींचकर बाहर ले जाने लगे. इसी दौरान लड़की गिर गई. बदमाशों ने उसके कंधे में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. घायल लड़की ने दुकानदार के फोन से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज ने बताया कि नाबालिग लड़की के कंधे में गोली लगी है और उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके.

पुलिस के अनुसार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. घटना के कारणों और बदमाशों की पहचान को लेकर पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >