पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Cyber Fraud : पटना जिले के साइबर अपराधियों ने नौकरी, सरकारी काम और शेयर में निवेश के नाम पर तीन लोगों से करीब 3.97 लाख रुपये की ठगी कर ली. अपराधियों ने अलग-अलग तरीके से पीड़ितों को झांसे में लिया और उनके बैंक खातों से रुपये ट्रांसफर करा लिए. तीनों मामलों में शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
नौकरी का झांसा देकर 1.14 लाख की ठगी
मूल रूप से मधुबनी निवासी और वर्तमान में सुल्तानगंज इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति के मोबाइल पर 12 अगस्त को नौकरी से संबंधित संदेश आया. संदेश में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद साइबर अपराधियों ने उनसे निजी जानकारी हासिल की और उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया. इसके बाद मोटी कमाई का झांसा देकर ठगों ने यूपीआई के माध्यम से कंपनी के खाते में रुपये भेजने को कहा.
झांसे में आकर पीड़ित ने सात बार में कुल 1.14 लाख रुपये भेज दिए. बाद में ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
सचिवालय अधिकारी बनकर एएनएम से 1.91 लाख ठगे
अगमकुआं निवासी एक महिला फतुहा पीएचसी में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं. साइबर अपराधियों ने उन्हें फोन कर खुद को सचिवालय का अधिकारी बताया. सरकारी काम के नाम पर शातिरों ने महिला से निजी और बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर ली. इसके बाद उनके एसबीआई खाते से 1.91 लाख रुपये निकाल लिए गए. ठगी का पता चलने के बाद पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई.
तीन गुना मुनाफे का लालच देकर 92 हजार उड़ाए
कंकड़बाग निवासी एक व्यक्ति के इंस्टाग्राम पर 13 अगस्त को शेयर में निवेश कर तीन गुना मुनाफा कमाने से संबंधित संदेश आया. लालच में आकर पीड़ित ने संदेश में दिए गए नंबर पर संपर्क किया. साइबर अपराधियों के कहने पर उन्होंने बताए गए खाते में ऑनलाइन 92 हजार रुपये भेज दिए. रकम ट्रांसफर करने के बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने इसकी शिकायत की.
