बेगूसराय का टॉप-10 बदमाश पटना जंक्शन से गिरफ्तार: चलाता था स्मैक-गांजे का नेटवर्क, STF ने दबोचा
Published by : Nikhil Anurag Updated At : 09 Jun 2026 9:11 PM
AI से लिया गया सांकेतिक तस्वीर
Patna Crime: बेगूसराय जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात तस्कर अमर कुमार उर्फ मुन्ना को बिहार एसटीएफ (STF) की विशेष टीम ने पटना जंक्शन के समीप से धर दबोचा है. आरोपी मूल रूप से वैशाली जिले का रहने वाला है, जो बेगूसराय और समस्तीपुर जिले में बड़े पैमाने पर गांजा और स्मैक जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क चलाता था. खबर को डिटेल में पढ़ने के लिए नीचे जाएं.....
Patna Crime: (नितिश सिंह की रिपोर्ट) बिहार में कुख्यात अपराधियों और अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बिहार एसटीएफ (Special Task Force) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बेगूसराय जिले के टॉप-10 बदमाशों की सूची में शामिल अमर कुमार उर्फ मुन्ना को राजधानी पटना के पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन के समीप से गिरफ्तार कर लिया है.
पकड़ा गया कुख्यात तस्कर अमर कुमार उर्फ मुन्ना मूल रूप से वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र का रहने वाला है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह पिछले लंबे समय से बेगूसराय और समस्तीपुर को अपना सेफ जोन बनाकर मादक पदार्थों की बड़ी खेप खपाने का अवैध धंधा कर रहा था. दोनों जिलों में कई थानों की पुलिस को इसकी सरगर्मी से तलाश थी, लेकिन यह शातिर अपनी पहचान छिपाकर पटना में शरण लिए हुए था. सोमवार को एसटीएफ को पुख्ता इनपुट मिला कि मुन्ना पटना जंक्शन के पास मौजूद है और ट्रेन के जरिए राज्य से बाहर भागने की फिराक में है. सूचना मिलते ही एसटीएफ की विशेष टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया.
बेगूसराय और समस्तीपुर में दर्ज है केस, पुलिस खंगाल रही मोबाइल कुंडली
एसटीएफ और जिला पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अमर कुमार उर्फ मुन्ना के खिलाफ बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना में इसी वर्ष 31 जनवरी 2026 को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया था. इसके अतिरिक्त, समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थाने में भी इसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इन दोनों ही मामलों में पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए थे, जिसके बाद से ही मुन्ना फरार चल रहा था.
स्मैक और गांजे का बड़ा सप्लायर है मुन्ना
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि अमर कुमार उर्फ मुन्ना बेगूसराय और समस्तीपुर जिले में युवाओं के बीच स्मैक और गांजे की चेन सप्लाई करने वाले गिरोह का मुख्य सरगना है. वह अन्य राज्यों से मादक पदार्थों की खेप मंगवाकर स्थानीय पैडलर्स के माध्यम से इसकी रिटेल बिक्री करवाता था.
एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के समय उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस अब इन दोनों मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स (CDR) और व्हाट्सएप चैट को खंगाल रही है, जिससे इस नशीले धंधे में शामिल बेगूसराय, समस्तीपुर और पटना के अन्य बड़े सप्लायरों और लाइनमैनों के नाम सामने आ सके. एसटीएफ ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित जिला पुलिस को सौंप दिया है.
Also Read: पटना के इस ऐतिहासिक मंदिर का होगा कायाकल्प, एसडीओ ने अतिक्रमणकारियों को दिया 4 दिन का अल्टीमेटम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










