Nitish Government : रेणु और तारकिशोर बनेंगे बिहार के नये उपमुख्यमंत्री

बिहार सरकार में इस बार यूपी की तर्ज पर दो उपमुख्यमंत्री होंगे.

By Prabhat Khabar Print Desk | November 16, 2020 8:31 AM

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बिहार सरकार में इस बार यूपी की तर्ज पर दो उपमुख्यमंत्री होंगे. दोनों उपमुख्यमंत्री भाजपा कोटे से बनाये जायेंगे. Nitish Kumar Oath Ceremony Live News से जुड़ी हर खबर के लिये बने रहिये Prabhat Khabar पर.

भाजपा विधायक दल के नेता तार किशोर प्रसाद और उप नेता रेणु देवी को बिहार का अगला उपमुख्यमंत्री बनाने का फैसला रविवार की देर रात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ भाजपा नेताओं की हुई बैठक में लिया गया. इस बैठक में भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव और देवेंद्र फडणवीस शामिल थे.

भाजपा की तरफ से विधानमंडल में विधायक दल के नेता चुने गये विधायक तारकिशोर प्रसाद इस बार चौथी बार कटिहार से जीत कर आये हैं. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी राजद के डॉ राम प्रकाश महतो को करीब 11 हजार मतों से पराजित किया है. वे भाजपा और संघ से काफी लंबे समय से जुड़े रहे हैं.

Also Read: Nitish Government : NDA सरकार में पहली बार मोदी के बिना शपथ लेंगे नीतीश, जानें कौन बन सकते हैं कैबिनेट मंत्री

वैश्य वर्ग से आने वाले तारकिशोर प्रसाद बेहद सौम्य और मृदुभाषी व्यक्तित्व के माने जाते हैं. 1974 के छात्र आंदोलन में भी तार किशोर प्रसाद ने सक्रिय भूमिका निभायी थी. इसके बाद छात्र जीवन के दौरान ही उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय स्वयंसेवक रहते हुए उन्होंने वर्ष 1974-76 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला प्रमुख का दायित्व िनभाया.

1977-78 में वह विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यक्रम कार्यसमिति सदस्य रहे. वर्ष 1981-83 तक कटिहार नगर के महामंत्री रहे व वर्ष 1991 से 95 तक भाजपा के नगर अध्यक्ष रहे. 1995-97 तक नगर उपाध्यक्ष तथा 1997-2003 तक भाजपा के जिला महामंत्री रहे.

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य के रूप में 1997 से जुड़े हुए हैं. वह 2005 के नवंबर में हुए चुनाव में पहली बार कटिहार से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे.

वहीं, विधानसभा में विधायक दल की उपनेता चुनी गयीं रेणु देवी भी कई बार से बेतिया से विधायक रही हैं. पिछली बार वह चुनाव हार गयी थीं, परंतु इस बार उन्होंने कांग्रेस के मदन मोहन तिवारी को करीब 19 हजार मतों से पराजित किया है.

रेणु देवी बिहार की पहली महिला उपमुख्यमंत्री होंगी. इससे पहले राबड़ी देवी बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री रह चुकीं हैं.

Posted by Ashish Jha

Next Article

Exit mobile version