Road Accident : मसौढ़ी में रक्षाबंधन के दिन भाइयों की कलाई पर राखी बांधने मायके जा रही 65 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में मौत हो गयी. शुक्रवार सुबह पटना-गया-डोभी-एनएच-22 पर नदौल बाजार के पास अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी. हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गयी. घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मायके में भाइयों को राखी बांधने जा रही थीं
मृतका की पहचान मसौढ़ी थाना क्षेत्र के पकड़ी निवासी स्व. सहजानंद प्रसाद की पत्नी विनेश्वरी देवी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, वह रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके जा रही थीं.
उनका मायका मसौढ़ी के नदौल ओपी क्षेत्र अंतर्गत बेर्रा पंचायत के बीबीपुर गांव में है. शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे वह नदौल बाजार पहुंचीं. यहां मायके जाने से पहले मिठाई लेने के लिए सड़क पार कर रही थीं.
सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
विनेश्वरी देवी जैसे ही सड़क पार कर रही थीं, उसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं.
स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचायी जा सकी. घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है.
रक्षाबंधन जैसे त्योहार के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में शोक का माहौल है. जिस दिन विनेश्वरी देवी भाइयों को राखी बांधने मायके पहुंचने वाली थीं, उसी दिन सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं.
