LPG Cylinder Crisis: बिहार में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो और गैस की कालाबाजारी या गड़बड़ी न हो, इसके लिए कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. पटना डीएम के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (BSO) और सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारियों (ADSO) की छुट्टी फिलहाल रद्द कर दी गई है. प्रशासन का कहना है कि यह फैसला गैस सप्लाई पर कड़ी नजर रखने के लिए लिया गया है.
ढिलाई नहीं की जाएगी बर्दाश्त
पटना डीएम ने कहा है कि एलपीजी घरेलू गैस उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए. इसके लिए पूरा सिस्टम पूरी तरह एक्टिव और सतर्क है. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई या अनियमितता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
प्रशासन की ओर से अलग-अलग स्तर के अधिकारियों को गैस एजेंसियों और डीलरों की रेगुलर जांच करने का निर्देश दिया गया है. अपर जिला दंडाधिकारी (ADM), अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और ब्लॉक लेवल के अधिकारी गैस एजेंसियों का इंस्पेक्शन कर रहे हैं. कई जगहों पर छापेमारी भी की जा रही है ताकि किसी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
इसके साथ ही उपभोक्ताओं और आम लोगों से भी फीडबैक लिया जा रहा है. अगर कहीं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, जमाखोरी या ज्यादा कीमत पर बिक्री की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसी या दोषी लोगों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
सुपौल डीएम ने अफवाह के बीच क्या कहा
सुपौल जिले में भी गैस को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच डीएम सावन कुमार ने कहा कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है. डीएम ने बताया कि सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और आपूर्ति पदाधिकारियों (SO) को गैस डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन की कोशिश है कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिलती रहे और कहीं भी सप्लाई में दिक्कत न हो.
उन्होंने कहा कि गैस बुकिंग कराने के बाद दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है. अगर किसी उपभोक्ता को तय समय पर गैस नहीं मिलती है तो वह संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दे सकता है. इस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी. डीएम ने लोगों से अपील की है कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.
इसे भी पढ़ें: पटना में बिना गैस दिए ही भेज दिया डिलीवरी सक्सेसफुल का मैसेज, डिलीवरी बॉय पर हुई FIR
