Patna Crime News : मसौढ़ी नगर के कर्पूरी चौक से काले शीशे वाली चारपहिया गाड़ी में जबरन बैठाकर एक 14 वर्षीय किशोर का अपहरण करने और करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि जमीन बिक्री से किशोर के पिता को मिली रकम में से पांच लाख रुपये की मांग की गई. रुपये नहीं देने पर किशोर को पीटा गया और जलती सिगरेट से शरीर के कई हिस्सों को दागा गया. किशोर की छाती पर जलती सिगरेट से ‘3’ का निशान बनाने का भी आरोप है. गंभीर रूप से घायल किशोर का पटना में इलाज चल रहा है. मामले में तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
कर्पूरी चौक से मुंह बांध जबरन गाड़ी में बैठा
नगर के केशोचक निवासी उपेंद्र कुमार के 14 वर्षीय पुत्र राहुल राज ने पुलिस को बताया कि 15 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे वह कर्पूरी चौक के पास खड़ा था. इसी दौरान काले शीशे वाली एक चारपहिया गाड़ी वहां पहुंची. गाड़ी से उतरे लोगों ने गमछे से उसका मुंह बांध दिया और जबरन गाड़ी में बैठा लिया. इसके बाद उसे सुनसान स्थान की ओर ले जाकर मारपीट की गई.
पांच लाख रुपये नहीं देने पर बेरहमी से पीटा
राहुल के अनुसार, आरोपितों ने उसे करीब चार घंटे तक अपने कब्जे में रखा. इस दौरान उससे कहा गया कि उसके पिता ने जमीन बेची है, इसलिए पांच लाख रुपये लाकर दो. रुपये देने से इनकार करने पर आरोपितों ने उसके साथ जमकर मारपीट की. किशोर का आरोप है कि इसी दौरान उसके शरीर के कई हिस्सों को जलती सिगरेट से दागा गया.
छाती पर बनाया 3 निशान, शरीर पर चोट के निशान
पीड़ित के मुताबिक, आरोपितों ने उसकी छाती पर जलती सिगरेट से ‘3’ का निशान बना दिया. राहुल के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं. इसी दौरान उसके चेहरे से गमछा खुल गया. शोर-शराबा होने पर आसपास के कुछ लोग वहां जुटने लगे, जिसके बाद आरोपित उसे छोड़कर कर्पूरी चौक की ओर भाग निकले.
राहुल ने इस घटना में बिंदा यादव, सोनू यादव और सुमित समेत अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है. उसने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान एक व्यक्ति के हाथ में पिस्तौल थी.
घर पहुंचकर परिजनों को बताई पूरी घटना
आरोपितों के चंगुल से छूटने के बाद राहुल किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन उसे लेकर मसौढ़ी थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन दिया.
आरोपितों पर प्राथमिकी, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
आवेदन के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. गंभीर चोटों के कारण किशोर का फिलहाल पटना में इलाज चल रहा है. पुलिस घटना के कारणों, आरोपितों की भूमिका और पांच लाख रुपये की मांग से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़े : पटना में गंगा नदी में नहाने गये तीन दोस्त, एक की मिली लाश, दो की खोजबीन जारी
