पटना.
निवेश पर दोगुना मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने बुद्धा कॉलोनी के रहने वाले सतीश मोहन से 1.25 करोड़ रुपये की ठगी कर ली. इस मामले में पीड़ित ने साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. फर्जी मोबाइल एप और टैक्स के नाम पर रकम ठगी गयी. पीड़ित सतीश मोहन ने पुलिस को बताया कि उनके पास एक युवती का फोन आया, जिसने खुद को बिजनेस एक्सपर्ट बताया. उसने सुरक्षित निवेश और कम समय में दोगुना मुनाफा मिलने का दावा किया. भरोसे में लेकर धीरे-धीरे उनसे बड़ी रकम निवेश करवाई गयी. फर्जी एप में दिखता रहा मुनाफा : ठगों ने सतीश मोहन के मोबाइल में एक एप इंस्टॉल करवाया. इसी एप के माध्यम से निवेश कराया गया और स्क्रीन पर लगातार मुनाफा दिखाया जाता रहा. शुरुआत में 16 लाख रुपये निवेश करने के बाद जब उन्होंने मुनाफे के साथ राशि निकालनी चाही, तब नया खेल शुरू हुआ. राशि निकालने के नाम पर ठगों ने जीएसटी और अन्य टैक्स भरने की बात कही. इसी बहाने अलग-अलग खातों में पैसे जमा कराए गए और इस तरह कुल ठगी की रकम 1.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गयी. रकम गंवाने के बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया. पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी तरीके से तीन अन्य लोगों से भी 1.50 लाख से 1.80 लाख रुपये तक की ठगी की गयी है. सभी मामलों को जोड़कर जांच की जा रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
