Encounter In Bihar: (अनिकेत त्रिवेदी) बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है. इस बीच पर में लगातार दूसरे दिन अपराधी का एनकाउंटर किया गया. मंगलवार की सुबह गोपालपुर थाना इलाके में हुई एक बड़ी लूट की वारदात के बाद पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है.
दिनदहाड़े हुई थी 27 लाख की लूट
गोपालपुर थाना इलाके के जोल बीघा के पास हथियारबंद अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था. वहां से गुजर रही सीएमएस सिक्योरिटी वैन को पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने रोक लिया था. इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को हथियार के बल पर कब्जे में लेकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया, जिसमें करीब 27 लाख रुपये थे. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए थे.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
लूट की इस बड़ी घटना के बाद पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल कुछ अपराधी गोपालपुर थाना इलाके के उदनी गांव में जमा हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी.
मुठभेड़ और गिरफ्तारी की पूरी कहानी
पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई. इस दौरान पुलिस की गोली एक अपराधी के पैर में लगी जिससे वह घायल हो गया. घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. साथ ही मौके से भागने की कोशिश कर रहे चार अन्य अपराधियों को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर रही है.
मौके से बाइक और खोखे बरामद
एनकाउंटर के बाद पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों की बाइक और गोली के कई खोखे बरामद किए हैं. सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
एसपी कार्तिकेय शर्मा ने क्या कहा?
सीनियर एसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधी दीदारगंज और पटना सिटी इलाके के रहने वाले हैं. इनमें से एक अपराधी पहले भी लूट के मामले में जेल भी जा चुका है. पुलिस ने लूटे गए 27 लाख रुपये में से पांच लाख रुपये बरामद कर लिए हैं. इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, हेलमेट, अपराधियों द्वारा पहने गए कपड़े, सीएमएस कंपनी की गाड़ी की पर्ची और लूट की रकम से खरीदे गए पांच आईफोन भी जब्त किए गए हैं.
सीनियर एसपी के मुताबिक जिन कपड़ों को पहनकर अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था, वह कपड़े भी बरामद हुए हैं. जिस मोटरसाइकिल से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था, उसे भी बरामद कर लिया गया है. हेलमेट भी बरामद हुआ है. इसके अलावा अन्य रुपये और सामान की बरामदगी और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है.
सम्राट सरकार में तीन दिनों में 3 एनकाउंटर
सम्राट सरकार में एक के बाद एक अपराधियों का एनकाउंटर किया जा रहा है. पिछले तीन दिनों में 3 एनकाउंटर किए गए. सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को गांधी मैदान में एक कार्यक्रम के दौरान मंच से कहा था, पुलिस को हमने पूरी छूट दे रखी है. अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. इससे पहले भी वे इस तरह के बयान दे चुके हैं. ऐसे में रविवार की रात सीवान में, सोमवार की सुबह पटना में और आज (मंगलवार) फिर पटना में एनकाउंटर हुआ.
Also Read: सांसद पप्पू यादव को फिर मिली Y+ सिक्योरिटी, बिहार सरकार का फैसला पटना हाईकोर्ट ने किया रद्द
