कांग्रेस ने कहा, एनडीए का 20 साल-विनाश काल

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने एनडीए की डबल इंजन की सरकार को घेरा.

कांग्रेस नेता जयराम रमेश, अशोक गहलोत, बघेल व अधीर रंजन चौधरी पटना पहुंचे संवाददाता,पटना बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने एनडीए की डबल इंजन की सरकार को घेरा. बिहार में एनडीए के 20 साल को लेकर कांग्रेस ने सदाकत आश्रम में गुरुवार को 20 साल- विनाश काल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया. इस मौके पर राज्यसभा सांसद व वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार चल रही है. रिमोट से चलनेवाली यह सरकार बेरोजगार, युवाओं और सामाजिक न्याय की नहीं हो सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार में ईंधन ही नहीं है. बिहार से मजबूरी में पलायन हो रहा है. उन्होंने बताया कि दूसरी ओर महागठबंधन का रास्ता भलाई, सामाजिक न्याय और आर्थिक विकास का है. प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रमेश ने बताया कि बिहार का विकास कृषि, शहरीकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी रास्तों से होगी. 42 पन्ने के रिपोर्ट कार्ड के हवाले से उन्होंने कहा कि सीएजी रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि 10 विभागों में 71 हजार करोड़ का घोटाला हुआ है. ऐसे में यहां पारदर्शी शासन की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार ने जातिगत जनगणना करायी. जिसमें 65 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था नहीं करायी गयी. राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि बिहार का चुनाव तय करेगा कि देश आगे क्या होगा. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बार-बार पाला बदलते हैं. छत्तीगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बिहार में 20 साल- विनाश काल का सबसे बड़ा उदाहरण है कि यहां रोजगार नहीं है, उद्योग धंधे बंद हैं, किसानों की स्थिति खराब है, क्राइम का राज है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, विधायक दल के नेता डाॅ शकील अहमद खान, विधान परिषद में दल के नेता डाॅ मदन मोहन झा, राज्यसभा सांसद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने भी आगत अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAKESH RANJAN

RAKESH RANJAN is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >