Bihar Ka Mausam: बिहार के जिलों में इन दिनों लू जैसी स्थिती बनी हुई है. दोपहर 12 बजे के बाद लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. तपती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने चार जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. बिहार के किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और अररिया जिले में बारिश की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग की माने तो, आज इन जिलों में बारिश के साथ ठनका गिरने की भी संभावना है. इसके अलावा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है. सुबह से ही बिहार के उत्तर-पूर्वी हिस्से में बादलों की आवाजाही जारी है. बारिश के बाद चार जिलों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.
42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा तापमान
बिहार के कैमूर जिले का तापमान शुक्रवार को 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके साथ ही गयाजी, औरंगाबाद और डेहरी में भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आस-पास ही दर्ज किया गया. मौसम विभाग की माने तो, आज राजधानी पटना समेत बाकी जिलों में लोगों को तपती गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा. विभाग ने हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है.
अगले दो से तीन दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की माने तो, अगले दो से तीन दिनों तक मौसम शुष्क ही बना रह सकता है. औरंगाबाद, गयाजी, कैमूर, रोहतास और बक्सर जिले में लू चल सकता है. गर्म पछुआ हवा चलने की वजह से तापमान में और भी बढ़ोतरी हो सकती है. अगले दो से तीन दिनों तक गर्मी से कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है.
गर्मी को देखते हुए लोगों से लगातार सावधान रहने की अपील की जा रही है. दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से नहीं निकलने की सलाह दी जा रही. इसके साथ ही ज्यादा से ज्यादा ठंडे पेय पदार्थों की सेवन करने की सलाह दी जा रही है. अधिकतर जिलों में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के आस-पास बना रह सकता है.
Also Read: AEDO परीक्षा में सेंधमारी की कोशिश, पकड़े गए ‘हाई-टेक’ नकलची, कान के अंदर छिपा रखा था डिवाइस
