बाप-दादा के नाम जमीन? चिंता खत्म... वंशावली से बनेगी फार्मर ID, बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी

Bihar Bhumi: बिहार के किसानों को बड़ी राहत मिली है. अब अगर जमीन बाप-दादा या पूर्वजों के नाम पर दर्ज है, तो भी वंशावली के आधार पर फार्मर आईडी बनाई जाएगी. जिससे पीएम किसान योजना का लाभ लेना आसान हो जाएगा.

Bihar Bhumi: बिहार के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. अब अगर किसी किसान की जमीन उसके नाम पर नहीं, बल्कि बाप-दादा या पूर्वजों के नाम पर दर्ज है, तो भी उसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल सकेगा. सरकार ने वंशावली के आधार पर फार्मर आईडी बनाने की अनुमति दे दी है, जिससे हजारों किसानों की अटकी हुई समस्या दूर होने की उम्मीद है.

अब तक फार्मर आईडी बनाने में सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि जमीन का खतियान सीधे किसान के नाम पर नहीं होने पर आवेदन रिजेक्ट हो जा रहा था. ऐसे में बड़ी संख्या में किसान पीएम किसान योजना से बाहर रह जाते थे. लेकिन अब नियमों में बदलाव के बाद पिता, दादा या पूर्वजों के नाम की जमाबंदी होने पर भी किसान का रजिस्ट्रेशन संभव हो गया है.

एक दिन में बन रहा हजारों किसानों की फार्मर आईडी

कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वंशावली के आधार पर फार्मर रजिस्ट्री शुरू होते ही रजिस्ट्रेशन की रफ्तार तेज हो गई है. कई जिलों में एक दिन में हजारों किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई. संयुक्त जमाबंदी की स्थिति में भी अलग-अलग परिवार के सदस्यों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण इलाकों में राहत की उम्मीद बढ़ी है.

रजिस्ट्रेशन के दौरान सभी दस्तावेजों की हो रही जांच

हालांकि, अधिकारियों ने यह भी साफ किया है कि वंशावली के आधार पर रजिस्ट्रेशन के दौरान सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है. गलत या फर्जी फार्मर आईडी बनने की शिकायत मिलने पर सॉफ्टवेयर में फिर से सख्ती की जा रही है. नाम और जमाबंदी में ज्यादा अंतर होने पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जा रहा है.

पहले से ई-केवाईसी वालों को फायदा

कृषि विभाग के मुताबिक, जिन किसानों की ई-केवाईसी पहले से पूरी है, उन्हें अब फार्मर आईडी बनवाने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी. गांव स्तर पर कैंप लगाकर किसानों की मदद की जा रही है. किसान सलाहकार और कृषि कर्मी घर-घर जाकर किसानों को जरूरी जानकारी दे रहे हैं.

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी जल्द से जल्द तैयार की जाएगी, ताकि किसी भी किसान का पीएम किसान योजना का लाभ न रुके. वंशावली के आधार पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा से उन किसानों को सबसे ज्यादा फायदा होगा. जिनकी जमीन पीढ़ियों से परिवार के नाम पर चली आ रही है, लेकिन अभी तक नामांतरण नहीं हो सका था.

Also Read: सदन में अपराध पर गरजे तेजस्वी यादव, बोले- थाना खामोश है, प्रशासन बेहोश है, सरकार मदहोश है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >