Bihar: बिहार सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर 11 अधिकारियों का तबादला और 18 अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियों के लिए प्रतिनियुक्त किया है. जारी आदेश के अनुसार लघु जल संसाधन विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी के रूप में तैनात पुरुषोत्तम को औरंगाबाद का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग में विभागीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी किरण सिंह को जहानाबाद का बंदोबस्त पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. उनके पास अरवल जिले की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी रहेगी.
किस- किस अधिकारी को मिली जिम्मेदारी
ग्रामीण कार्य विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी बुद्ध प्रकाश को सुपौल का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है. साथ ही उन्हें सहरसा में इसी पद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. सामान्य प्रशासन विभाग की लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी पारुल प्रिया को वैशाली का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है.
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी को पूर्णिया का बंदोबस्त पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. उनके पास किशनगंज जिले का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा. समाज कल्याण विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार राय को जमुई भेजा गया है, जबकि श्रम संसाधन विभाग के उपसचिव अखिलेश कुमार को सारण का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
कब से तक के लिए प्रतिनियुक्त
रोहतास के बंदोबस्त पदाधिकारी नवीन कुमार को कैमूर, भोजपुर के नीरज कुमार दास को बक्सर और लखीसराय के बंदोबस्त पदाधिकारी मो. मुस्तकीम को शेखपुरा की जिम्मेदारी दी गई है. सरकार ने सिर्फ तबादले ही नहीं किए हैं, बल्कि बिहार तकनीकी सेवा आयोग के तहत स्टाफ नर्स चयन प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन कार्य के लिए भी बड़ी संख्या में अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है. यह प्रतिनियुक्ति 29 अप्रैल से 12 मई तक के लिए की गई है.
इस कार्य के लिए ग्रामीण कार्य विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी विशाल आनंद, स्वास्थ्य विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी मनोज कुमार, समाज कल्याण विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी पिंकी कुमारी समेत कई अधिकारियों को लगाया गया है.
इनके अलावा गोपाल प्रसाद, अजीमुल्लाह अंसारी, देवश्री, सुनील कुमार, अविनाश कुमार, राज ऐश्वर्य श्री, ऐश्वर्य कश्यप, स्मृति कुमारी, मुकेश कुमार मुकुल, सत्येंद्र प्रसाद, कुमारी अनुपम सिंह और अमृता प्रीतम को भी दस्तावेज वेरिफिकेशन के काम की जिम्मेदारी दी गई है.
इसे भी पढ़ें: बिहार राजस्व विभाग में फेरबदल, हड़ताल के बीच हटाये गए सीके अनिल, जय सिंह को मिली जिम्मेदारी
