पटना सिटी . आलमगंज थाना क्षेत्र के गुलजारबाग हाट रोड में गुरुवार को पुलिस ने छापेमारी कर ब्रांडेड कंपनी की खाद्य तेल के डिब्बे में मिलावटी खाद्य तेल पैकिंग की आशंका पर छापेमारी की, जहां से करीब 30 लाख रुपये की खाद्य तेल बरामद की गयी है. पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने बताया कि गुलजारबाग स्थित दिलीप कुमार के तीन तल्ला मकान के अंदर गोदाम सह दुकान में छापेमारी की गयी. वहां से पुलिस टीम ने पैकिंग खाद्य तेल, खाली डिब्बा, टिन, पैकिंग मशीन और अन्य उपकरण बरामद किये हैं. पुलिस ने बताया कि विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर लोकल माल की पैंकिग कर बेचने का धंधा चल रहा था. इसी शिकायत पर छापेमारी की गयी है. दरअसल मामला यह है कि कंपनी के प्रतिनिधि ने इसकी सूचना वरीय पुलिस अधीक्षक को दी थी. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर करीब शाम चार बजे टीम छापेमारी को पहुंची. छापेमारी में शामिल कंपनी के प्रतिनिधि टोटन चक्रवती ने बताया कि गुलजारबाग स्टेशन रोड स्थित दुकान सह गोदाम में छापेमारी में विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों के खाद्य तेल, रैपर, पैंकिग के लिए उपयोगी उपकरण समेत अन्य समान बरामद किये गये हैं. धंधा काफी दिनों से चल रहा था. थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि जब्ती सूची बनने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पायेगा. अभी मामले में कार्रवाई चल रही है. पुलिस का कहना है कि छापेमारी टीम ने निर्माण संबंधी कागजात उपलब्ध कराने के लिए संचालक को कहा, लेकिन किसी तरह का कागजात नहीं दिखाया गया है. मामले में तफ्तीश की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
