बाढ़ : भदौर थाने के जानपुर गांव में छठ पर्व पर अपने रिश्तेदार के घर आये नालंदा के युवक आयुष रंजन 22 वर्ष की अपराधियों ने हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद शव को डुमरिया पुलिया के पास स्थित पानी से भरे खंधे में फेंक दिया.
हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों ने घटनास्थल से शव को उठाने से पुलिस को रोक दिया. भदौर थाने के जानपुर गांव में अपने फूफा शंभु महतो के पास छठ पर्व का प्रसाद खाने के लिए नालंदा जिले के हरनौत थाना अंतर्गत नूरनगर तेलमर गांव निवासी बीए पार्ट 2 का छात्र आयुष रंजन उर्फ साजन आया हुआ था.
रविवार को घाट पर से छठ पर्व के अनुष्ठान में भाग लेने के बाद वह सुबह करीब 10:00 बजे फूफा के घर पहुंचने के बाद से लापता था. ग्रामीणों ने दिन भर उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. सोमवार की सुबह में 9:00 बजे डुमरिया पुल के पास स्थित पानी भरे खंधे में आयुष का शव तैरता नजर आया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू की.
बाद में ग्रामीण ने शव को घटनास्थल पर से पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया. ग्रामीणों की मांग थी कि मौके पर डॉग स्क्वायड को बुलाकर हत्या की घटना का खुलासा कर हत्यारों की गिरफ्तारी की जाये. देर शाम को पटना से डॉग स्क्वायड घटनास्थल पर पहुंच चुका था. उसने छानबीन शुरू कर दी. शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है. परिजनों का कहना है कि हत्यारों ने बेरहमी से मारपीट कर आयुष का गला घोंट दिया है. उसके चेहरे पर जख्म के भी निशान हैं. उसे प्रताड़ित कर मारा गया है.
थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों का अब तक कोई भी खुलासा नहीं हो सका है. पोस्टमार्टम होने के बाद ही इसका सुराग मिल सकता है. फिलहाल जांच चल रही है. डॉग स्क्वायड के साथ पुलिस हत्यारों की तलाश में लगी हुई है.
