विप में मामला उठने पर निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री
पटना : पिछले दस वर्षों से गर्दनीबाग स्थित सेकेंडरी कूड़ा प्वाइंट पर बना कचरे का पहाड़ का मामला विधान परिषद में उठा, तो सोमवार को विभागीय मंत्री सुरेश कुमार शर्मा कूड़ा प्वाइंट पहुंच गये.
कूड़ा प्वाइंट पहुंच कर नूतन राजधानी व पाटलिपुत्र अंचल के अधिकारी को फटकार लगाते हुए सख्त निर्देश दिया कि शाम तक शत-प्रतिशत कचरे का उठाव सुनिश्चित कराएं, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जायेगी. विभागीय मंत्री के निर्देश के बाद नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार, कार्यपालक अभियंता ललन सिंह, पाटलिपुत्र के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार कूड़ा प्वाइंट पर शाम तक कचरा हटवाते रहे और देर रात्रि तक कूड़ा प्वाइंट से शत-प्रतिशत कचरे का उठाव भी कर लिया गया.
कूड़ा प्वाइंट भूखंड की होगी घेराबंदी : सेकेंडरी कूड़ा प्वाइंट से शाम छह बजे तक 90 प्रतिशत कचरे का उठाव कर दिया गया था. कचरा उठाव के बाद भूखंड की घेराबंदी का भी काम शुरू कर दिया गया. साथ ही कूड़ा प्वाइंट के फर्श को भी पक्का किया जायेगा. ताकि, गीला, सूखा व प्लास्टिक कचरे को अलग-अलग किया जा सके. इस कार्य को अगले दस दिनों में पूरा होगा. साथ ही कूड़ा प्वाइंट पर केमिकल का भी छिड़काव शुरू कर दिया गया है.
अंचल क्षेत्र की खाली जगहों पर गिराया जायेगा कचरा
गर्दनीबाग स्थित कूड़ा प्वाइंट पर अगले दस दिनों तक दोनों अंचल का कचरा नहीं गिराया जायेगा. इसको लेकर दोनों अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी अपने-अपने अंचल क्षेत्र के पाटलिपुत्र मैदान व बेऊर में खाली भूखंड चिह्नित किया है, जहां वार्डों से कलेक्ट होने वाला कचरा गिराया जायेगा.
