एनडीए को मिली बड़ी सफलता के बाद बोले नीतीश कुमार- जीत से और बढ़ गयी हमारी जिम्मेदारी
पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोकसभा चुनाव में एनडीए को मिली बड़ी सफलता के लिए जनता को धन्यवाद दिया और कहा कि जनता की सेवा के लिए पहले से अधिक जिम्मेदारी मिली है, उसे निभायेंगे. जाति के आधार पर नहीं, काम के आधार पर यह समर्थन मिला है. उनकी कोशिश होगी कि समाज में […]
पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोकसभा चुनाव में एनडीए को मिली बड़ी सफलता के लिए जनता को धन्यवाद दिया और कहा कि जनता की सेवा के लिए पहले से अधिक जिम्मेदारी मिली है, उसे निभायेंगे. जाति के आधार पर नहीं, काम के आधार पर यह समर्थन मिला है. उनकी कोशिश होगी कि समाज में कटुता की जगह प्रेम का माहौल हो.
गुरुवार की शाम मुख्यमंत्री आवास पर प्रेस काॅन्फ्रेंस कर उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को बधाइ देते हुए कहा कि देश में उनके नेतृत्व में हुए चुनाव में एनडीए को भारी बहुमत मिला है. साथ ही बिहार में उनकी सरकार के काम पर समर्थन मिला है. नयी दिल्ली में 25 मई को नयी सरकार के संभावित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उन्होंने सहमति जतायी.
केंद्र की नयी सरकार में जदयू को शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की सहमति मिली तो शामिल हो सकते हैं. वहीं विशेष राज्य के दर्जे की मांग पर उन्होंने कहा कि बिहार में विकास का काम हुआ है, लेकिन अभी पिछड़ेपन से नहीं निकले हैं.
ऐसे मे पिछड़ेपन से विकसित श्रेणी का राज्य बनाने के लिए यह आवश्यक है. इस संबंध में 21 मई को भी एनडीए की बैठक में बात हुयी है. प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि पूर्वी क्षेत्रों का विकास आवश्यक है. नयी सरकार में राज्यों का पिछड़ापन दूर करने और महिला सशक्तिकरण के लिए काम होगा. राहुल गांधी को अमेठी से हारने के बारे में उन्होंने कहा कि जनता मालिक है.
बहुत लोगों को बहुत भ्रम था
चुनाव के दौरान मीडिया के सामने नहीं आने के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके बारे में कुछ लोग बेवजह अनाप-शनाप बोल रहे थे. जो बातें किसी के बारे में नहीं कहा, उसका आरोप लगाया गया. इसलिए उस पर प्रतिक्रिया देना नहीं चाहता था. लालू व तेजस्वी के बारे में इशारों में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों को अपने मत के माध्यम से जनता ने नकार दिया है.
बहुत लोगों को बहुत चीजों का भ्रम था. उन्हें समझना चाहिए था कि 2015 में किसके चेहरे पर चुनाव लड़ा गया. अपराध, भ्रष्टाचार और संप्रदायवाद से समझौता नहीं कर सकता था. इसके बावजूद आरोप लगने पर उसके बारे में स्पष्टीकरण देने के लिए कहा था, लेकिन नहीं दिया गया.
भाजपा से गठबंधन के बाद विकास
मुख्यमंत्री ने भाजपा से गठबंधन के बारे में कहा कि पहले से भी वे साथ रहे थे. नया गठबंधन बिहार के हित में था. इस गठबंधन के बाद बिहार के विकास में केंद्र सरकार की मदद मिली. पिछड़े, अतिपिछड़े, अल्पसंख्यक और महिला सहित सभी वर्गों के लिए काम हुआ.
जाति आधारित राजनीति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, लेकिन इस चुनाव में दिख गया कि जाति ही सबकुछ नहीं है. उन्होंने कहा कि हर ग्राम पंचायत में हायर सेकेंडरी स्कूल बनाये जायेंगे. गांधी जयंती तक हर घर शौचालय का लक्ष्य है. अब सड़क सहित विकास के सभी काम पूरी योजना के साथ किये जायेंगे.