पटना: जलजमाव के कारण एग्जिबिशन रोड स्थित सूर्या विहार अपार्टमेंट के लोग परेशान हैं. इतना ही नहीं, उसके सामने की दुकानों का धंधा चौपट हो गया है. स्थिति यह हो गयी है कि जलजमाव से अब दरुगध आने लगी है.
अपार्टमेंट के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर पार्किग वाले एरिया में पानी भरा हुआ है. वाहन न हो, तो लोगों का पैदल जाना मुश्किल है. मजबूरन कई दुकानों को बंद कर दिया गया है. खासकर पाटलिपुत्र ऑटोमोबाइल, आदित्य सेरामिक्स, केपी टीवीएस सहित कई एसेसरीज के दुकानदार काफी परेशान हैं. पिछले चार दिनों से यह स्थिति बनी हुई है. इधर ग्राहक आना नहीं चाहते हैं. पाटलिपुत्र ऑटोमोबाइल के महाप्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि कई बार नगर निगम से अनुरोध किया गया है, लेकिन वे नहीं सुन रहे हैं. जलजमाव के कारण शोरूम में पानी घुस गया है.
पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल इलाके से चार दिन बाद भी पानी नहीं निकला है. अब भी गलियों व सड़क पर पानी जमा है. इसे निकालने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गयी है. पी एंड एम मॉल के पीछेवाले इलाके में जलजमाव है. कई घरों में घुसे पानी को निकालने में लोग परेशान हैं. गनीमत है कि चार दिनों से बारिश नहीं होने से पानी खुद कम हो रहा है. हालांकि, गलियों से पानी पूरी तरह से नहीं निकला है.
