कई जगहों से बैरंग लौटी टीम
पटना : राजधानी यानी निगम क्षेत्र में रोजाना पॉलीथिन, अतिक्रमण, गंदगी फैलाने, आवारा पशुओं को पकड़ने, अवैध बैनर-पोस्ट हटाने, सड़कों पर बिल्डिंग मेटेरियल और खुले में मांस-मछली-मुर्गा बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाना है. इसको लेकर नगर आयुक्त अनुपम कुमार सुमन के निर्देश पर अंचल स्तर पर सात अलग-अलग टास्क फोर्स का गठन करना था और सोमवार से अभियान भी चलाना था.
लेकिन,नूतन राजधानी व पाटलिपुत्र अंचल में ही टास्क फोर्स गठित की गयी है. ऐसे में पहले दिन सिर्फ अतिक्रमण, पॉलीथिन और कहीं-कहीं खुले में मांस-मछली बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा सका.
जुर्माना भी नहीं वसूला : सोमवार की सुबह 10:30 बजे नूतन राजधानी अंचल की टीम बोरिंग कैनाल रोड के इंदिरा भवन के समीप पहुंची. इंदिरा भवन से अतिक्रमण हटाते आगे बढ़ी और मीट दुकान के पास पहुंची. यहां मीट दुकान संचालक ने लाइसेंस नहीं दिया.
इस पर उससे पांच हजार जुर्माना मांगा गया. इसके बाद मीट दुकानदार ने आसपास के लोगों को बुला लिया. मीट दुकानदार व स्थानीय लोग मिल कर निगम की टीम के साथ बदसलूकी करने लगे. इससे डर कर टीम बिना जुर्माना लिए आगे बढ़ गयी. बोरिंग कैनाल रोड पर लगे ठेला-खोमचा दुकान को गया और जुर्माने की राशि वसूल की गयी.
अभियान के पहले दिन पाटलिपुत्र अंचल क्षेत्र के राजाबाजार, आशियाना-दीघा रोड और आसपास अतिक्रमण, पॉलीथिन और खुले में बेचे जा रहे मांस-मछली के खिलाफ कार्रवाई की गयी. दर्जनों दुकानदारों को हटाया गया और 28 हजार जुर्माना वसूल किया गया. वहीं, कंकड़बाग अंचल क्षेत्र में मीठापुर बस स्टैंड रोड और बस स्टैंड परिसर में अभियान चलाया गया.
बिल्डिंग मेटेरियल के खिलाफ भी अिभयान
नगर आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को सड़कों पर रखे बिल्डिंग मेटेरियल के खिलाफ भी कार्रवाई की गयी. सोमवार को बोरिंग रोड चौराहा के समीप बालू-गिट्टी से लदी दो गाड़ियों को जब्त किया. इन दोनों गाड़ियों से 64 सौ रुपये जुर्माना भी वसूल किया गया. इसके साथ ही बांकीपुर अंचल क्षेत्र के वार्ड 39 में अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क पर रखे मेटेरियल जब्त किया गया.
