पटना : भाजपा बूथ इकाई से लेकर चुनावी तैयारी को अंतिम रूप देने में जुट गयी है. साथ ही अब तक उसकी तरफ से तैयार शक्ति केंद्र और मंडल इकाइयों की तैयारी को भी अंतिम रूप से रिव्यू किया जा रहा है.
राज्य में मौजूद 72 हजार से ज्यादा बूथ में 68 हजार बूथ पर पार्टी की इकाइयां बन गयी हैं. बचे हुए शेष 14 हजार बूथों पर सात दिनों में इकाइयों का गठन हो जायेगा. इनके गठन के लिए प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय के स्तर पर लगातार मॉनीटरिंग शुरू हो गयी है. इस तरह चुनाव तक सभी बूथों पर भाजपा की इकाई का गठन हो जायेगा. प्रत्येक इकाइयों को अपने स्तर पर हर तरह से तैयारी रहने के लिए कहा गया है. इन्हें सरकार के सभी कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा गया है.
ज्यादा से ज्यादा वोटरों को भाजपा की तरफ प्रेरित करते हुए वोट करने के लिए मोटिवेट करने का जिम्मा सभी इकाइयों को सौंपा गया है. इन इकाइयों के कार्यों की समीक्षा मंडल और जिला स्तर पर मौजूद इकाइयों को दिया गया है. इनके स्तर पर समीक्षा होने के बाद अंतिम चरण में सभी तैयारियों की समीक्षा प्रदेश स्तर पर मौजूद कमेटियां करेगी.
